Friday, February 8, 2013

महुआ माजी प्रकरण के साये में...

मनुष्य स्वभाव नापसंद बात को सदा झूठी मान लेना चाहता है, और इसके बाद इसके खिलाफ़ दलीलें भी आसानी से तलाश कर लेता है | इस प्रकार समाज जो बात नहीं मानना चाहता, उसे झूठी बताता है | - सिगमंड फ्राइड ‘ ए जनरल इंट्रोडक्शन टु साईको एनैलिसिस’.

मौखिक इतिहास ये प्रमाणित करता है कि साहित्यिक फिजाओं में महुआ माजी विवाद काफी अरसे से गुलज़ार था | पाखी नामक पत्रिका ने अपने दिसम्बर अंक से इसे शब्दों में कैद करने का काम किया है | पर इसका असली श्रेय शायद नया ज्ञानोदय को जाना चाहिए | यह कितना सही, गलत व हौसले का काम है इस पर तत्काल कोई भी राय देना उचित नहीं | सारे आलेख पढ़ने के पश्चात् जो एक बात समझ में आती है वो ये कि यहाँ साहित्य सेवा की भावना उतनी नहीं है जितनी की दिखाई जा रही है | एक दूसरे के खिलाफ़ जमके शब्दों के बाण चलाये जा हैं | बकौल फ्राइड शब्दों द्वारा एक आदमी दूसरे को अधिक से अधिक सुख भी पहुंचा सकता है और उसे घनी से घनी निराशा में भी डाल सकता है; शब्द भावों को जगातें हैं |
तर्क और अपना पक्ष रखने के नाम पर एक दूसरे को शब्दों के माध्यम से ललकारा जा रहा हैं | एक ऐसा वाक् युद्ध चल रहा है जहाँ हर चीज़ जायज है | इस महाभारत में राँची के कुछ बुद्धिजीवियों ने बलराम ( तटस्थ ) बनना स्वीकार कर लिया है तो कुछ इतने ज़्यादा उत्तेजित हैं जैसे आज ही धर्म की स्थापना कर देंगें | खैर, समय लिखेगा सबका इतिहास | वैसे छोटे शहर की अपनी ही विडम्बना और पीड़ा होती है |
जब हम किसी चीज़ से तटस्थ होने का निर्णय करतें हैं तो क्या हम सच में तटस्थ होते हैं या कोई भय अथवा सुविधा है जो हमें तटस्थ होने पर मजबूर करती है ? यह भय मर्यादा रुपी भी हो सकता है और लिहाज रुपी भी ! यह कहना पूर्णसत्य नहीं होगा कि महुआ माजी प्रकरण फालतू, गैरसाहित्यिक और निहायत ही व्यक्तिगत विछोभ से पैदा हुआ है | साहित्य और समाज का रिश्ता समय के हिसाब से बदला है | साहित्यिक संगठन कमज़ोर पड़े हैं वहीं आज का साहित्य केवल लेखक-पाठक संबंधों पर ही केंद्रित नहीं है | यह एक व्यवसाय भी है और इस बात की खुलेआम घोषणा करनेवाले प्रकाशक भी है कि लेखक की मार्केटिंग करना प्रकाशक के काम का हिस्सा है | मार्केटिंग में क्या-क्या तत्व आतें हैं यह कौन तय करेगा ? जवाब साफ़ है – प्रकाशक ! “आपका पैसा है, आपका पुरस्कार और आपका प्रकाशन, तो जो आप समझतें हैं, कीजिये |” साहित्य में मार्केट या मार्केट में साहित्य, दोनों में से कौन ज़्यादा साहित्यिक होगा ? प्रकाशक की निगाह में सारे लेखक बराबर नहीं हैं | खैर हिंदुस्तान के सन्दर्भ में कला और साहित्य में मर्यादा की सीमा से लेकर क़ानून तक अभी बहुत कुछ तय होना बाकी है |
यह पूरा प्रकरण जिस तरह से चल रहा है वो शरद जोशी का नाटक अन्धों का हाथी की याद दिलाता है जिसमें हर किसी का अपना-अपना सच होता है | पर सामूहिक सच कई सारे व्यक्तिगत सच को मिलाकर ही बनेगा, अकेले नहीं | सच बहुआयामी होता है और सामूहिक सच तक पहुँचाना इतना आसान भी नहीं है |
इस प्रकरण की शुरुआत नया ज्ञानोदय में राँची के ही एक साहित्यकार द्वारा महुआ माजी के दूसरे उपन्यास पर लिखी गई टिपण्णी से हुई, जिसमें मोड़ देने का काम पाखी के दिसम्बर अंक के आलेख ने किया | उसके बाद तो जैसे जंगल में आग लग गयी, पूरा माहौल ही मेलोड्रामानुमा हो गया जिसमें सत्य, असत्य, ईर्ष्या, जलन, द्वेष, अहम्, नक़ल, असल, सम्मान, असम्मान, आरोप, प्रत्यारोप, रूप, अरूप, सेक्स, स्त्री, पुरुष, भाषा, भाषी, इलाका, पक्ष, विपक्ष, शब्द, अपशब्द, जनवाद, माओवाद, प्रचार, चोरी, हिंसा, अहिंसा, इतिहास सबकी खिचड़ी तैयार होने लगती है, बिलकुल किसी मसालेदार फिल्म की तरह | यह किसी नाटक, उपन्यास, फिल्म का एक शानदार कच्चा माल है जिसमें सारे पत्र ग्रे शेड के होंगे, नायक-खलनायक-विदूषक के मापदंडों से परे, एकदम यथार्थवादी | वैसे भी वास्तविक चरित्रों का शेड ग्रे ही होता है | क्यों न महुआ माजी का अगला उपन्यास इसी प्लॉट पर केंद्रित हो !
महुआ माजी प्रकरण किसी न्यूज़ चैनल के प्राइम टाइम डिबेट की तरह चल रहा है जहाँ सारे विद्वान अपनी-अपनी बात पर अड़े हैं | यहाँ जो जितना ज़ोर से बोल सकता है वो उतना ही सच्चा जैसा लगता है | यहाँ कौन कितना सच बोल रहा है वो तो बोलनेवाला ही जाने पर इस विवाद को प्रकाशित करनेवाली पत्रिका आजकल राँची के लिए हॉट केक बनी हुई है | पाठक और साहित्यिक समाज दोनों आजकल पाखीमय है | लोग चटखारे लेकर इस व्यंजनयुक्त प्लेट का भरपूर रसास्वादन कर रहें हैं, करा रहें हैं | अच्छा है इसी बहाने साहित्यिक समाज का सच भी सबके सामने आ रहा है | दोस्तोयेव्स्की ने कहा था कि अगली शताब्दी में नैतिकता जैसी कोई चीज़ नहीं होगी | कहनेवाले ये भी कह रहें हैं कि दिल्ली के लोग झारखण्ड में मुर्गा लड़ाकर मज़ा ले रहें हैं जिसमें कुछ राँचीवासी भी भरपूर मदद कर रहें हैं |
शब्दों का कमाल इस्तेमाल तो पहले से ही आलेखों में हो रहा था इस बार महुआ माजी के जन्मदिन ( उम्र) तक का खुलासा ( ब्रेकिंग न्यूज़ ) है ( हद है !) साथ ही यशपाल की एक कहानी का अंश भी है जहाँ से महुआ माजी पर अपने उपन्यास में एक प्रकरण कॉपी करने का आरोप है | महुआ माजी ने साहित्यिक पंचायत की बात कही तो स्टिंग ऑपरेशन, गुप्त कैमरे, ब्रेन मैपिंग तक की बात भी होने लगी | शुक्र है किसी ने सच का सामना ( एक लोकप्रिय टेलीविजन शो ) और पुलिस की थर्ड डिग्री के इस्तेमाल की बात नहीं कही | आश्चर्य नहीं होगा कि किसी दिन राँची की सड़कों पर साहित्यिक युद्ध का ऐलान हो जाए ! आक्रमण !!
इस बार महुआ माजी प्रकरण पर कुछ पाठकों ने भी राय व्यक्त की है | पाठक क्यों पीछे रहें भला ? बहरहाल, इस प्रकरण के मद्देनज़र धर्मवीर भारती लिखित नाटक अंधायुग की कुछ पंक्तियाँ याद आ रहीं हैं -
टुकड़े-टुकड़े हो बिखर चुकी मर्यादा
उसको दोनों ही पक्षों ने तोड़ा है
पाण्डव ने कुछ कम कौरव ने कुछ ज्यादा
यह रक्तपात अब कब समाप्त होना है
यह अजब युद्ध है नहीं किसी की भी जय
दोनों पक्षों को खोना ही खोना है
अन्धों से शोभित था युग का सिंहासन
दोनों ही पक्षों में विवेक ही हारा
दोनों ही पक्षों में जीता अन्धापन...
विष उगलने से कोई नीलकंठ नहीं होता, नीलकंठ होने के लिए विष का पान करना पड़ता है | बात हो, जमके हो पर व्यक्ति केंद्रित नहीं, प्रवृति केंद्रित | तभी इस उथल-पुथल से कुछ सार्थक चीज़ें निकल पाएंगी वरना भूकंप केवल तबाही मचाता है कुछ नया नहीं रचता | तत्काल यहाँ कड़वाहट के सिवा किसी के भी हिस्से में कुछ नहीं आ रहा | इस पूरे प्रकरण में रसास्वादन करना स्वस्थ मानसिकता का परिचायक नहीं है और राँची ऐसे रोग के इलाज के लिए प्रसिद्ध है |
शैलियरी और मोज़ार्ट के रिश्ते पर पिटर शैफर का एक विश्वप्रसिद्ध नाटक है एमेडियस, जिस पर मिलोन फिर्मन ने इसी नाम से एक विश्वप्रसिद्ध फिल्म का निर्माण किया | जिसमें शैलियरी अपने सपने और ईर्ष्यावश मोज़ार्ट को मार तो देता है किन्तु मोज़ार्ट के संगीत से हार जाता है और विक्षिप्त जैसा हो जाता है | फिल्म की शुरुआत में ही बूढा शैलियरी आत्महत्या की कोशिश करता है, उसे उठाकर ले जाया जा रहा है रास्ते में शैलियरी देखता है कि लोग मोज़ार्ट के धुन पर नाच रहें हैं | किसी को कोई फर्क नहीं पड़ता कि चालीस ऑपेराओं के लेखक महान रॉयल संगीतकार शैलियरी आज किस हालत में है | उम्मीद है यहाँ ऐसा कुछ नहीं चल रहा होगा |

विवाद निम्न लिंक पर पढ़ा जा सकता है http://www.pakhi.in

Friday, February 1, 2013

विश्वरूपम् - हाय ! हाय !! भावना फिर आहत हो गई!


कमल हसन की फिल्म विश्वरूपम को सेंसर बोर्ड पास कर देती है | 25 जनवरी को फिल्म का तमिल संस्करण प्रदर्शित होने वाला था पर 23 जनवरी को फिल्म दो सप्ताह के लिए प्रतिबंधित कर दी जाती है | जो कारण बताया जाता है वो ये कि कुछ मुसलिम संगठनों ने आरोप लगाया है कि फिल्म में उनकी छवि को धूमिल करने का प्रयास किया गया है, इससे हमारी भावना आहत हुई है ! आरोप बिना फिल्म देखे लगाया जाता है |29 जनवरी को सिंगल बेंच अदालत पाबन्दी हटाती है किन्तु डबल बेंच अदालत उसे फ़ौरन बहाल कर देती है | कमल हसन साफ़ शब्दों में यह कहतें हैं ये कि फिल्म में ऐसा कुछ नहीं है, विवाद धर्म की वजह से नहीं, राजनीति की वजह से हो रहा है | आहत कमल हसन किसी धर्मनिरपेक्ष स्थान की तलाश में हिंदुस्तान छोड़ने तक की बात करते हैं | फिल्म अभिनेता, निर्माता, निर्देशक, पटकथा लेखक, गीतकार, गायक, कोरियोग्राफर पद्मश्री कमल हसन की पहचान एक ऐसे फिल्मकार की है जो प्रयोग करने और चुनौतीपूर्ण भूमिकाओं से गुज़रते हुए व्यावसायिक फ़िल्में बनाता है |  
हिंदुस्तान, एक तरफ़ जहां विश्व का सबसे बड़ा धर्मनिरपेक्ष, लोकतंत्र होने का दावा करता है, वहीं दूसरी तरफ़ यहाँ भावनाओं के नाम पर ऐसी राजनीति होती है कि बेचारा लोकतंत्र भी शर्मिंदा हो जाए | ये निर्लज भावनाएं किसी भी बात पर आहत हो जाती है, ठीक वैसे ही जैसे संस्कृत नाटकों या पुरानी फिल्मों में नायक के नाम मात्र से ही नायिका पानी-पानी होकर पल्लू लपेटने लगती थी | कई बार तो नायक का ख्याल मात्र ही काफी होता था पानी-पानी होने के लिए | पुरानी कहावत है कौआ कान ले गया वो आज तक सार्थक है और लोग दल-बल लेकर कौए की औकात बताने निकाल पड़ते हैं | जब जब लोग इस मूड में आए, लोकतंत्र और लोकतांत्रिक तरीके की हैसियत रामू काका से ज़्यादा नहीं रही |
ऐसी भावनाएं खासजन की बपौती है, आमजन की नहीं ! सो उन खास जन की ही भावनाएं आहत होती हैं/हो सकती हैं | जब इनकी आहत हो गई तो ऐसा मान लिया जाना चाहिए की देश, कौम, समुदाय आदि-आदि सबकी हो गई | ये खास तरीके की आहत होनेवाली भावनाएं हर दल और हर वाद के पास है | भावना के आहत होने के लिए किसी भी वाद के प्रति अति-आस्थावान होना आवश्यक शर्त है | यही वो चीज़ है जो चीज़ों को अनटचेबल बनती है | इस अनटचेबल को टच करने के विचार मात्र से ही आहत-भावनाओं का अलार्म बज उठता है !
सेंसरबोर्ड, कोर्ट ने फिल्म देखी उनकी भावना आहत नहीं हुई पर ये खास लोग पता नहीं क्या खातें हैं कि इनकी भावनाएं फटाफट आहत हो गई | तमिलनाडु में फिल्म बैन कर दी गयी है | मुख्यमंत्री जयललिता कहती हैं – यह फैसला संभावित हिंसा की गुप्तचर सूचनाओं पर आधारित और सुरक्षाकर्मियों की कमी के कारण है | ये गुप्त सूचनायें किसने, कैसे, कब दीं ये बात गुप्त रखने की मर्यादा है राजनीति में सो यहाँ भी गुप्त ही है ! वैसे, अपने ज़माने की बोल्ड अदाकारा और अब एक दबंग राजनीतिज्ञ, बिजनेसवूमन और तमिलनाडु की मुख्यमंत्री जयललिता इस कारण भी ज़रा नाराज़ चल रहीं थी कि कमल हसन ने इस फिल्म के डीटीएच अधिकार का करार उनकी टीवी के साथ नहीं किया और प्रधानमंत्री पद के लिए लुन्गीवाले ( चिदम्बरम ) की तारीफ़ की |
यथार्थ के परिवेश में जघन्य से जघन्यतम बलात्कार, हत्या पर जिनकी भावना आहत नहीं होती वो फ़िल्मी पर्दे पर रचित मायालोक के बलात्कार, हत्या के दृश्य को देखकर आहत हो जाते हैं | समाज का सबसे असंवेदनशील तबका कला, संस्कृति की संवेदनशीलता पर जबरन अपना हक़ जताने लगता है | अनैतिकगण नैतिकता पर प्रवचन देतें हैं और लकीर के फकीर स्वतंत्रता की बात करने लगते हैं, सरकारें वोट बैंक की राजनीति का ताला अपनी ज़बान पर लगाकर चुपचाप तमाशा देखने लगती हैं | मुस्लिम वोट, दलित वोट, ब्राह्मण वोट, ये वोट, वो वोट ! तो क्या अब सांप्रदायिक और अंध भक्त लोग तय करेगें इस देश का भविष्य ? समस्यायों को सुलझाने और आगे बढ़कर चीज़ों का सही हल तलाशने के बजाय मुट्ठीभर लोगों की गलत और हिंसक भावनाओं के आगे झुक कर बुजदिली का महान उदाहरण पेश करने में हमारी सरकारें और संस्थाएं आखिर कौन सी मिसाल पेश कर रहीं हैं?
फिल्म एक लोकप्रिय कला माध्यम है और किसी भी कला का एक सामाजिक दायित्व भी होता है, जो कला अपने सामाजिक दायित्व को नहीं समझती वो बनियागिरी करती है कलाकारी नहीं | हर साल बेसिर-पैर की कहानियों पर मार-धाड़ और अश्लीलता का तडका लगाकर सैंकडों फिल्मों बनती हैं उनमें से कुछ देखते ही देखते 100 करोड़ तक कमा लेती है तब किसी की भावना आहत नहीं होती | पर यदि कोई फिल्म, कला या साहित्य, विमर्श की बात करे तब देखिये हर समुदाय के ठेकेदार एक राग में सियार रुदन शुरू कर देतें हैं कि हाय हाय हमारी भावना आहत हो गई, अब मैं तेरा नाश करके की दम लूँगा !
अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता-स्वतंत्रता चिल्लाने से कुछ हासिल नहीं होगा जब तक कि बौद्धिक स्तर में सुधार और राजनीति का चरित्र लोकतान्त्रिक नहीं होता | व्यक्तिगत अहम् की पूर्ति के लिए राजनीति का इस्तेमाल और चीज़ों को नकार देने की प्रवृति का बलपूर्वक दमन करने की आवश्यकता है | यह काम जनपक्षीय तरीके से एक मज़बूत लोकतान्त्रिक सरकार ही कर सकती है पर अफ़सोस कि हमारे पास सरकार तो है, लोकतंत्र भी है, पर मजबूत और जनपक्षीय सरकार नहीं | यदि होती तो संजय गांधी किस्सा कुर्सी का नामक फिल्म के प्रिंट जलाने का साहस नहीं करते |
किसी ज़माने में रुदालियों का बड़ा प्रचलन था | वो भाड़े पर मातम करतीं थीं | मरनेवाले से उनका कोई संवेदनात्मक लगाव न होते हुए भी वे छाती पीट-पीटके रोती थीं | इस काम के एवज में उन्हें धन मिलता था | यह संवेदना और मातम के प्रदर्शन का धंधा था जो मरनेवाले और उसके परिजनों की प्रतिष्ठा में चार चाँद लगता था कि फलां की मौत पर इतनी रुदालियों ने इतनी देर तक मातम किया | आज यही काम कला-संस्कृति के ये ठेकेदार अंजाम दे रहें हैं ! बिना देखे-सुने-समझे आहत होने का रुदन कर रहें हैं |
अगर भारतीय लोकतंत्र ( जो जैसा भी है ) को एक सुन्दर समाज रचना है तो इन रुदालियों से जैसे भी हो निपटना होगा, नहीं तो वो दिन दूर नहीं जब हर दल और धर्म का अपना एक सेंसर बोर्ड होगा और हर किसी को इनका आशीर्वाद लेना ज़रुरी होगा |
कमल हसन से मेरी कोई व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं है | फिल्म पर धारा 144 के तहत प्रतिबन्ध लगाया गया है | कमल हसन यदि 24मुसलिम संगठनों के प्रतिनिधियों को फिल्म पहले दिखा देते तो ये नौबत ही नहीं आती | जयललिता का ये कथन क्या कोई सन्देश नहीं दे रहा है ? हिंदी में विश्वरूप(म) आज प्रदर्शित हुई और जिन समीक्षकों ने भी ये फिल्म देखी है वो तमिलनाडु के उन संगठनों और जयललिता पर लानत ही भेज रहें हैं |  

Tuesday, January 29, 2013

झारखण्ड में राष्ट्रपति शासन का क्रिकेट !


इधर झारखण्ड में राष्ट्रपति शासन लगने की घोषणा हुई उधर झारखण्ड की राजधानी राँची में झारखण्ड स्टेट क्रिकेट एशोसिएशन ( जेएससीए ) के स्टेडियम का सामूहिक उद्घाटन किया गया | भारतीय क्रिकेट महानगरों से निकलकर छोटे शहरों की ओर उन्मुख हो रहा है ये कितना शुभ और अशुभ संकेत है ये तो समय ही बताएगा लेकिन इसके पीछे कहीं न कहीं अत्याधिक क्रिकेट खेलना और छोटे शहरों को भी क्रिकेट बाज़ार की गिरफ़्त में लेकर अपना साम्राज्य स्थापित करना भी है | कारपोरेट क्लब क्रिकेट के आज के युग में ये कहना कि क्रिकेट केवल एक खेल है बाकी कुछ नहीं, समसामयिक वक्तव्य नहीं लगता | अब यहाँ अर्थ, काम, मदिरा, सट्टेबाजी के साथ जोड़-तोड़ की एक सामानांतर सत्ता है और महिला क्रिकेट - पुरुष क्रिकेट, लोकल क्रिकेट - कारपोरेट क्रिकेट - अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट का भेद भाव भी है |
एक क्षेत्रीय पार्टी के दिवासपनों की वजह से अगर सरकार न गिरी होती तो इस स्टेडियम का उद्घाटन भारतीय लोकतंत्र के इतिहास के महान ‘उदारवादी’ नेता करनेवाले थे ! भारतीय राजनीति में इधर कुछ ऐसी क्षेत्रीय पार्टियों का अस्तित्व और वर्चस्व बढ़ा है जिनका मूल सिद्धांत सत्ता सुख भोगना है | इसके लिए वे किसी से भी हाथ मिला सकते हैं | ज्ञातव्य हो कि विधायकों की खरीद फरोख्त और बंधक बनाने का हास्यापद खेल भी यहाँ खेला जा चुका है | बहरहाल, आज से बारह साल पहले झारखंडी अस्मिता के नाम पर बिहार से अलग होकर झारखण्ड अस्तित्व में आया था | इस दौरान कुल आठ सरकारें बनी और अब तक तीन बार राष्ट्रपति शासन लग चुका है, वहीं एक से एक बड़े नेताओं ने छोटे-बड़े घोटालों में अपना नाम शामिल करके दिखा दिया कि हम किसी से कम नहीं है | राष्ट्रपति शासन लगने के साथ ही साथ भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान और झारखण्ड के ‘सपूत’ महेंद्र सिंह धोनी ने टॉस जीता और भारतीय दल के फिल्डिंग करने के फैसले के साथ ही राँची में नवनिर्मित स्टेडियम में क्रिकेट का जूनून भरा खेल शुरू हो गया |
हेवी इंजीनियरिग कारपोरेशन ( एचआईसी ) द्वारा प्रदत् ज़मीन पर निर्मित इस स्टेडियम के उद्घाटन कार्यक्रम में स्टेडियम का शिलान्यास करने वाले झारखण्ड के एक कद्दावर नेताजी तक को नज़रंदाज़ कर दिया गया | हाईकोर्ट का निर्देश था कि इस स्टेडियम से आम जन को दूर नहीं रखा जायेगा और उन्हें भी अभ्यास करने दिया जायेगा |  स्टेडियम के नामकरण में एचईसी और उसके लोगो के प्रयोग किये जाने का भी वादा था, पर वादे हैं वादों का क्या ! अब वर्तमान व्यवस्था में जो संस्थान नेताओं और एचईसी जैसों को भाव नहीं देता वो गरीबी, भुखमरी, शोषण की मार झेलते आमजन को कितना भाव देगा इसका सहज अनुमान लगाया जा सकता है | जिस राज्य के हुक्मरानों को मुफ़्तखोरी की आदत पड़ चुकी हो वहाँ आमजन की चिन्ता है ही किसे !
मुफ़्त के टिकट और पास पाके अपने को विशिष्ट समझना एक बीमार समाज और मानसिकता का घोतक है | राँची स्टेडियम की कुल क्षमता करीब 38,000 दर्शकों की है जिसमें लगभग आधी सीटों की मुफ़्तखोरी हुई | इस मुफ़्तखोरी में शासक वर्ग बेशर्मी की हद तक शामिल हुआ | जैसा कि ज़ाहिर है कि शासकवर्ग की अय्याशियों की कीमत भी आम आदमी ही चुकता है सो जो टिकट बेचे गए वो ज़रूरत से ज़्यादा मंहगे थे | ऐसी ख़बरें भी आई कि कुछ लोगों ने अपने पासों की कालाबाज़ारी भी की और उन्हें कई गुना बढ़ी कीमत पर बेचा | इस कृत में  कुछ मीडियाकर्मियों के संलग्न होने की खबरें भी आईं |
क्रिकेट के लिए ये भी सही 
दफ्तर, स्कूल, कॉलेज आदि में छुट्टी का माहौल रहा, जैसे कोई राष्ट्रीय पर्व हो | राष्ट्रपति शासन के लिए न सही क्रिकेट मैच के लिए ही सही | छुट्टी तो छुट्टी होती है | चाहे जिस भी एवज में हो ! जन्मदिन पर हो या मरणदिन, क्रिकेट हो या राष्ट्रपति शासन | 
सरकार गिर गई, राष्ट्रपति शासन लग गया, क्रिकेट मैच के लिए जनता दीवानी हो गई पर आश्चर्य कि इस मुद्दे पर किसी तरह की कोई प्रखर जन प्रतिक्रिया देखने या सुनने को नहीं मिली ! तो क्या यह जनता की सरकार नहीं थी, या क्रिकेट का जूनून किसी भी आर्थिक, सामाजिक, राजनीतिक मुद्दे से बड़ा है | इस प्रजातंत्र में विश्वास करने वाले तो चुनाव से जीती सरकार को अंधभक्त की तरह जनता की सरकार मानतें हैं और सरकार की जनविरोधी नीतियों के लिए नेताओं और तंत्र को दोषी मानतें हैं, व्यवस्था को नहीं ! तो क्या प्रजातंत्र के वर्तमान बुनावट में ही कोई खतरनाक समस्या नहीं है कि जहाँ जनता की ज़रूरत वोट बैंक और यदा-कदा जनसेवा करके जनता की सरकार कहलाने की मान्यता के लिए है ! जनता भी समय-समय पर कुछ कम कमाल नहीं करती ! क्रिकेट सितारों को देखने और क्रिकेट मैच के टिकट कटाने के लिए तो कड़कड़ाती ठण्ड को भी मात दे देती है पर सामाजिक, आर्थिक, राजनैतिक मुद्दे पर यही जूनून बेचारगी में बदल जाती है | प्रतिरोध के स्थान पर कोरी भावुकता और मासूमियत का बोलबाला हो जाता है और हम निरीह आमजन क्या कर सकतें हैं का एकालाप शुरू हो जाता है | वर्तमान समय में भारतीय राजनीति ( संसदीय व गैर संसदीय ) ने जनता का विश्वास खो दिया है ? वर्तमान में ऐसी हवा भी चलने लगी है जहाँ लोग बिना किसी पार्टी के झंडे के सड़कों पर उतारे, पुरज़ोर आंदोलन भी किया और पार्टियों के पास अंगूर खट्टे हैं का जाप करने के सिवा और कोई चारा नहीं बचा |
माना की राँची में पहली बार क्रिकेट मैच का आयोजन हो रहा था पर लोगों ने जिस तरह से इस हाड़ कांपती कडकती सर्दी में टिकट के लिए आधी रात को कम्बल लेकर और आग जलाकर लाईन लगाया वो अपने-आप में अद्भुत और अविश्वसनीय था | नेतागन भी पास और टिकट के जुगाड़ में रूठते और मानते रहे बजाय झारखण्ड और राजनीति की चिंता करने के | टिकट काउंटर खुलने के दिन से लेकर मैच के दिन तक प्रशासन के सामने ही खुलेआम टिकटों की कालाबाज़ारी चलती रही | 1200 रु. के टिकट 5000 रु. तक में बेचे गए | वहीं लोकतंत्र के चौथे खम्भे ने इन दिनों अपने पन्नों पर लोक की जगह क्रिकेट का जूनून और तंत्र की जगह पर गिल्ली, डंडा, बल्ले और गेंद को बैठा दिया है | जब से भारत और इंग्लैड के खिलाड़ी राँची में आए तब से पल-पल की खबरों और क्रिकेट के दीवानों की तस्वीरों से भर गया है सारा अखबार और राष्ट्रपति शासन समेत तमाम ख़बरों ने विज्ञापनों से बची जगहों को भरने का काम किया | यहाँ तक कि बलात्कार का मुद्दा भी गेंद और बल्ले की कशमकश में गुम हो गया |
कोई किसी से कम नहीं 
यह कैसा संकेत है ? जीवन की मूलभूत समस्यायों के प्रति एक तरफ इतनी उदासीनता वहीं उन्माद में इतनी संलग्नता से क्या कोई संकेत नहीं मिल रहा कि समाज आज किस दिशा में तेज़ी से बढ़ रहा है ? भारतीय राजनीति मानवता के किस धरातल पर खड़ी है | वोट बैंक वाली जैसी राजनीति आज हमारे मुल्क में हो रही है उससे एक न एक दिन मोहभंग होना ही है | पर निराशावादी राजनीति का जवाब आशावादी राजनीति से दिया जाना चाहिए नहीं तो जो चीज़ मुल्क को गिरफ़्त में लेगी उसे दुनियां अराजकता के नाम से जानती है और अराजकता किसी भी समाज के लिए एक अभिशाप हो सकता है आदर्श नहीं ? जहाँ उन्माद तो बनाया जा सकता है पर जन की मूलभूत समस्याएं को सुनाने वाला कोई नहीं होगा | जहाँ तिरंगा लहराकर स्टेडियम शोर पैदा करनेवाले को देशभक्त और तटस्थ होकर खेल का आनंद लेनेवाले को देशद्रोही करार दिया जाएगा |
बहरहाल, राँची में भारतीय क्रिकेट टीम ने शानदार तरीके से जीत दर्ज़ किया और एक बार फिर दुनियां में नंबर एक बन गयी | इस उपलब्धि को हासिल करने के एवज में लोगों ने जम के जश्न मनाया, नागरिकों ने अखंड कीर्तन तक का आयोजन कर डाला | वहीं देसी-विदेशी खिलाडियों को एक नज़र देख भर लेने के लिए लोगों ने पत्थर फेकें, पुलिस के डंडे खाए | धोनी के घर के आगे भीड़, होटल के आगे भीड़, रास्ते में भीड़, भीड़ ही भीड़ | जिसकी जैसे चली सबने अपना रोब चलाया | आरक्षित सीटों पर सेना ने रिज़र्व का स्टिकर चिपकाया और दूसरों के उधर आने पर जमकर रोब कटा | मंत्री-विधायक, अख़बारों के सम्पादक, पत्रकार, अधिकारीगण, ठेकेदार, उद्योगपति आदि पास के लिए मुंह फुलाए रहे | बिना इस बात की चिंता किये कि गरीबी, बदहाली, कुशासन, राष्ट्रपति शासन आदि झेलता झारखण्ड दिन ब दिन किस अँधेरी गुफा में जा रहा है | बहरहाल, क्रिकेट टीम झारखण्ड से फुर्र हो चुकी है और राष्ट्रपति शासन को सुचारू रूप में चलाने के लिए अधिकारियों का आगमन हो चुका है | इधर नेताओं के लिए अब भी रास्ता खुला है कि बहुमत साबित करें और सत्ता सुख का आनंद लें |

Saturday, January 26, 2013

शासकवर्ग का उत्सव जनता का उत्सव हो सकता है बशर्ते ......


गणतंत्रता दिवस | देश का हर नागरिक इसे हर्ष-उल्लास के साथ मनाता है या सबको मनाना चाहिए, ऐसा माना जाता है | सरकारी व गैरसरकारी संस्थानों में यह राष्ट्रीय अवकाश का दिवस होता है, यहाँ कार्यरत लोग अपने परिवार के साथ छुट्टी मनातें हैं, टीवी पर झंडोतोलन देखतें हुए | वहीं मजदूरवर्ग रोज़ की भांति इस दिन भी काम पर या कम की तलाश में निकलता है | जिनका जीवन रोज़ कमाना और रोज़ खाना है, उन्हें राष्ट्रीय छुट्टी भी छुट्टी नहीं दिला पाती | बुज़ुर्ग कहतें हैं कि यह एक पवित्र दिन है, लोगों को तमाम बातें भूलकर इसे मनाना चाहिए | इसके लिए देश की आज़ादी, आज़ादी की लड़ाई की कुर्बानी आदि के सैकड़ों प्रेरणादायक किस्से भी सुनातें हैं | पर सवाल ये है कि जो आवाम सालों से अभाव, दुःख, दर्द सहन करने को अभिशप्त है वो साल के दो दिन ( पन्द्रह अगस्त और छब्बीस जनवरी )  सब भूलकर उत्सव कैसे, कहाँ और क्यों मनाये ? ये तर्क यहाँ बड़ा ही बचकाना, यथास्थिवादी और अंधविश्वास को प्रेरित करनेवाला लगता है कि जीवन दुखों की खान है हमें इन्हीं दुखों के बीच खुश रहना सिखाना चाहिए | यह लगभग वही बात हुई कि देश में हत्या, क्रूरतम से क्रूरतम सामूहिक बलात्कार, फर्ज़ी मुठभेड़, अमीरी-गरीबी, घोटालों, जनवादी ताकतों पर प्रतिबन्ध, असहमति का बलपूर्वक दमन, कट्टरपंथियों का मौन समर्थन, अभिव्यक्तियों पर सेंसर आदि जो कुछ भी चल रहा है, सब भूलकर आज के दिन जनतंत्र का उत्सव मनाओ !
हालांकि कोशिश हमेशा यही होती है कि राज उत्सव जन-उत्सव भी माना जाय पर यह कत्तई ज़रुरी नहीं कि शासकवर्ग का उत्सव जनता का उत्सव हो | इस दिन देश तथा राज्य के हर राजधानी, संस्थानों आदि में राष्ट्रीय झंडा फहराया जाता है, लड्डू बांटी जाती है ( बचपन में हमारे स्कूलों में लड्डू या बुंदिया बंटता था, जो हम जैसे साल में एकाध बार मिठाई के दर्शन करनेवाले बच्चों के लिए ज़्यादा उपयोगी था, तात्कालिक ही सही. ) और हमारे नेतागन और हुक्मरान भाषण देतें हैं ! हमारे घरों के छतों पर भी यह झंडा केवल एक दिन के लिए ही सही पर लहराता है | इस दिन देशभक्त हो जाना लगभग सबको अच्छा सा लगता है | कारों, मोटरसाइकिलों पर भी तिरंगे का कब्ज़ा हो जाता है और घोटालों की ढेर पर बैठी सरकारें भी देशभक्ति का नारा बुलंद करने और संविधान के प्रति आस्थावान होने का ज़ोरदार दावा ठोकने लगती है | दिल्ली के आयोजन में आज भी किसी देश के राजा-रानी, सामंतवाद के प्रतीक के रूप में अतिथियों की कुर्सियों पर सुशोभित रहतें हैं | प्रजातंत्र के उत्सव में राजा-रानी का क्या काम ?
आज टीवी खोला तो परेड के शक्तिप्रदर्शन के प्रसारण से पूर्व राष्ट्रीय चैनल ( दूरदर्शन ) पर बिस्मिल्ला खां शहनाई बजा रहे थे और लाइव लिखा हुआ था | बिस्मिल्ला खां साहेब आज इस दुनियां में नहीं है, फिर ये लाइव प्रोग्राम का फंडा समझना ज़रा सुपर-नैचुरल हो गया | अखबार खोला तो पन्ने का पन्ना बधाई संदेशों से भरा पड़ा है | अधिकतर ऐसे लोग जनता को गणतंत्र दिवस की बधाई दे रहे हैं जो सालों भर लूट और भ्रष्टाचार में संलग्न रहें हैं | कुछ अच्छे लोगों का भी नाम है इस लिस्ट में, पर इसे अपवाद जैसा ही कुछ माने | एक ऐसा व्यक्ति जो देशद्रोही नहीं है जिसे इस देश पर गर्व हो या न हो पर प्यार किसी से कम नहीं है, क्या उसे आज के दिन सब कुछ भूलकर सहृदयता का जीता-जगता पुतला बनके इन बधाई संदेशों को बेशर्मी पूर्वक स्वीकार कर लेना चाहिए ? ये सन्देश अख़बारों में कैसे छापतें हैं इसका एक पूरा चक्रव्यूह है | अखबार और विज्ञापन का एक बड़ा ही मजेदार खेल है, मेल-ब्लैकमेल से भरा हुआ ! अख़बारों से जुड़े लोग मज़ाक में ही सही इसे वसूली दिवस भी कहतें हैं |
बहरहाल, आज बहुत से लोग को राष्ट्रीय सम्मानों से सम्मानित किया जायेगा | उसमें वैसे लोग भी होगें जिन्होंने राष्ट्र के लिए कौन सा योगदान किया है इसका पता नासा भी नहीं लगा सकता |
अंधभक्ति और राष्ट्रभक्ति, मासूमियत और मूर्खता, संविधान का अनुपालन और व्यवस्था के अनुपालन में फर्क है और वर्तमान व्यवस्था यह कतई नहीं चाहेगी कि आवाम इस फर्क को पहचाने | धीरे-धीरे यह दिवस रीढविहीन और मात्र एक उत्सव बनाता जा रहा है, कारण कि इस मुल्क का प्रजातंत्र अपने उद्देश्य में बहुत ज़्यादा सफल नहीं कहा जा सकता | देश की अधिकतर आबादी आज भी मूल ज़रूरतों से महरूम है | अमीर और गरीब के बीच की खाई और बढ़ी है | जब तक समाज का आखिरी व्यक्ति तक खुशहाल न हो और अच्छे व्यकि के साथ बेचारा ( बेचारा अच्छा आदमी था/है ! ) शब्द हट न जाए तबतक किसी भी दिवस की उत्सवधर्मिता की कोई सार्थकता पर शक है | वैश्वीकरण, निजीकरण, उदारीकरण आदि के वर्तमान दौर में जन समस्यायों का समाधान सरकारी तरीके से हो पायेगा, इस पर सहज विश्वास करने का दिल, अब नहीं करता | ए मेरे वतन के लोगों, ज़रा आँख में भर लो पानी नामक गीत आखों में आंसू तो लाता है पर उसका असर अब वैसा नहीं होता जैसा होना चाहिए | ये देश है वीर जवानों का अलबेलों का मस्तानों का नामक गीत अब देशभक्ति से ज़्यादा शादियों में नाचने के काम आता है |  हम वर्तमान में एक ऐसे मुल्क में रह रहें हैं जहाँ  कफ़न, ताबूत, बोफोर्स, वर्दी आदि तक का घोटाला होता है और मुल्क का तंत्र भ्रष्टाचार की आंधी में बुरी तरह से गिरफ़्त है, वहीं आमजन और स्त्रियां भय में जीने को अभिशप्त हैं  | जब तक समतामूलक और भयविहीन समाज का निर्माण नहीं होता तब तक तमाम शक्ति प्रदर्शन और मोटे-मोटे ग्रंथ उत्सवधर्मिता का तो कार्य बखूबी अंजाम दे सकतें गौरव का नहीं | मिसाइल, तोप और मिलिट्री देश की सुरक्षा तो कर सकतें हैं देशवासियों की सुरक्षा नहीं |

Tuesday, January 22, 2013

कथादेश वाले हरिनारायण बाबू को मालूम हो कि ....


आज हरिनारायणजी सम्पादित और अर्चना वर्माजी द्वारा सहसम्पादित - साहित्य, संस्कृति और कथा का समग्र मासिक कथादेश का दिसम्बर 2012 का अंक मिला | पत्रिका में प्रकाशित सामग्री पर कोई विचार दूँगा तो अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर हमला होने लगेगा, तो रचना और रचनाकार पर बात नहीं करेंगें | पर इतना ज़रूर कहेंगें कि किसी एक व्यक्ति को किसी पत्रिका में लगातार एक ही विषय पर नहीं लिखना चाहिए | यह एक बोझ जैसा भी हो जाता है लिखनेवाले और पढ़नेवाले के लिए भी | पाठक किसी खास व्यक्ति के किसी खास विषय पर विचार बार-बार पढ़कर बोर भी होने लगता है | फिर ऐसे आलेखों में अमूमन एकपद्दो ( एक पद वाले ) राग का गायन भी होता है | कथादेश में ऐसा कॉलम है जिसे वर्षों से एक ही व्यक्ति लिखे जा रहा हैं, ये ‘छप ही जाऊंगा’ का अति-आत्मविश्वास भी बड़ा घातक होता है | सो ऐसी बातों पर पत्रिका के सम्पादक मंडल व स्वंय लेखक को भी लेखकीय ईमानदारी बरतते हुए विचार करते रहना चाहिए |  भले ही जीवन की मूलभूत समस्याएं आज भी मुंह बाये खड़ी है पर युग बदला है, बदलता है | चीज़ें सत्तर के दशक के मापदंडों से आगे बढ़ीं हैं | कई युवा लोग इस वजह से कथादेश में उस खास विषय पर अपने आलेख नहीं भेजते कि वहाँ तो फलां आदमी शालिग्राम की तरह स्थापित है | वहाँ किसी और के लिए जगह ही कहाँ है | एक तरफ़ आज कथादेश में कई कॉलम के लेखक फिक्स  हैं वहीं पुनर्प्रकाशन के दिन से आज तक सम्पादकीय नामक पन्ने की तलाश जारी है | वैसे रोज़ एक कहानी के साथ मंटो जैसा लेखक जब न्याय नहीं कर सका तो ..|
कथादेश का यह अंक पलटने पर ऐसा लगा जैसे जूठे बर्तन में ताज़ा खाना परोसा गया हो | इतना घटिया कागज़ कि इस पन्ने का मैटर उस पन्ने पर ऐसे झांक रहा है जैसे बादल से चाँद झांकता है और छपाई ऐसी कि ‘क’ फैलकर न जाने कब चुपके से ‘छ’ बन चुका है और ‘भ’ तथा ‘म’ में विषमता समाप्त हो कर इस प्रकार समता स्थापित हो गई है कि इसे फ़िल्मी अंदाज़ में दो जिस्म एक जान होना भी कह सकतें हैं  | पन्ने भारतीय सामंतवाद की तरह बेदर्दी से अकड़े ऐसे मुडे हैं कि अक्षर ने छपने की हिम्मत कहीं दिखाई है और कहीं आदाब बजाके ही निकल लिया | किसी–किसी पन्ने पर तो अक्षर खून टपकाते हुए प्रतीकों में तबदील हो चुकें हैं, वो तो शुक्र मानिये कि काले रंग की छपाई है वरना पुरी पत्रिका अक्षरों के लहू से लाले-लाल हो जाती | किसी-किसी पन्ने पर शब्दों के फेड इन, फेड आउट का खेल चल रहा है तो कहीं अक्षर डबल, ट्रिपल रोल निभा रहें हैं | तस्वीरों को तो ऐसे छापा गया है कि जिनकी भी तस्वीरें हैं वो खुद पहचानने से इनकार कर दे ! हो सकता है कि अपनी कुरूपता पर डर भी जाए |
सवाल यह है कि 25 रूपये मूल्य और केंद्रीय हिंदी संस्थान, आगरा की सहायता से प्रकाशित यह मासिक पत्रिका अपने पाठकों के साथ ऐसा क्यों कर रही है ! पाठकों के साथ ही नहीं बल्कि उन रचनाकारों के साथ भी जो अपना खून जलाकर रचना करते हैं, चाहे उन रचनाओं का स्तर जो भी हो | क्या पत्रिकाओं ने झोला छाप नेताओं की तरह सौंदर्य ( लुक ) को सामंतवाद का पर्याय मान लिया है | आखिर किस बात की कमी है कथादेश को ? पैसों की ? सूचना एवं प्रसार निदेशालय, ओएनजीसी और मध्यप्रदेश सरकार का पूरे पन्ने का रंगीन विज्ञापन भी क्या पत्रिका निकालने और पत्रिका से जुड़े लोगों की ज़रूरतों को पूरा करने में सक्षम नहीं हो रहा ? अगर कोई प्रजातांत्रिक देश और देश का आवाम किसी साहित्यिक, सांस्कृतिक, सामाजिक, आर्थिक पत्रिका के चंद हज़ार प्रति भी प्रकशित करने का संसाधन नहीं देती तो लानत है और यदि तमाम संसाधनों की उपलब्धता के बावजूद कोई स्तरहीनता और भद्देपन का शिकार है तो उतनी ही मात्रा में लानत यहाँ भी है |
हो सकता है कि यह एक संयोग मात्र हो कि मुझे जो प्रति मिली केवल उसकी ही हालत ऐसी हो ! पर ऐसी एकलौती कॉपी का भी बाज़ार में आना और किसी के पास 25 रुपये के एवज में पहुँचाना कैसे उचित हो सकता है ? वैसी कागज़ और छपाई में इस्तेमाल स्याही का जो स्तर है उससे यह अंदाज़ा लगाया जा सकता है कि अधिकतर प्रतियाँ कैसी होगीं |
एक ज़माना था कि हंस, कथादेश, वागर्थ, आजकल आदि साहित्यिक पत्रिकाओं को पढ़ाने-संग्रह करने का काम एक जूनून के तहत अंजाम दिया जाता था | जेब के खालीपन के बावजूद नए अंक का कौन कहे पुराने अंक तक पढ़े बिना दिल है कि मानता नहीं था | मित्रों में आपस में बंटवारा भी था कि किसे कौन सी पत्रिका खरीदनी है और सब बारी-बारी मिल बाँटके पढेंगें, कभी अकेले कभी सामूहिक | अच्छी रचनाओं को पढ़ना और दूसरे को पढ़ने के लिए प्रेरित करना भी आदत में शुमार था | चीज़ें नया ज्ञानोदय, तदभव, पहल सहित कई अन्य पत्र-पत्रिकाओं तक पहुंची | फिर कुछ समयाभाव और कुछ पत्रिकाओं के स्तर का कमाल था कि ज़्यादातर मामला उलटने-पलटने तक ही सीमित हो गया | हां, कुछ अच्छा जैसा दिखता या कोई पढ़ने को कहता तो जैसे-तैसे समय निकालकर या रात की नींद हराम कर ज़रूर ही पढ़ लेता | यात्रा करते वक्त सुबह शाम बस, ऑटो और मेट्रो के धक्कों के बीच भी पढ़ाई चालू रहती | इसी दौरान कई ऐसी रचनाएं भी पढ़ने को मिली जिसके पढ़ते ही लेखक को फोन करके बधाई देने का मोह नहीं त्यागा जा सका | पर साहित्यिक कबाड़ ही ज़्यादा पढ़ने को मिला | एक तरफ़ जहाँ पत्रिकाओं की संख्या बढ़ रही है वहीं गुणवत्ता का आलम हवा-हवाई हो रहा है | ब्लॉग, वेब के वर्तमान दौर में ऐसा नहीं है कि अच्छा लिखनेवाले नहीं हैं, पर पत्रिका गुणवत्ता के आधार पर निष्पक्षता से चीज़ों का प्रकाशन करती हैं, ऐसा वही मानते हैं जो लगातार छपास सुख का आनंद ले रहें हैं !
गत दिनों हिंदी के अखबार पर कुछ आपत्ति ज़ाहिर की गयी तो किसी अखबारी लेखक ने फाटक से मोर्चा सँभालते हुए जवाब दिया हिंदुस्तान में अखबार पाठक के बदौलत नहीं, विज्ञापन के बदौलत चलता है, ये एक धंधा है समाज सेवा नहीं | तो साहित्यिक पत्रिकाओं का आलम भी क्या कुछ ऐसा ही है ? ये पत्रिकाएं आज भी जहाँ दिखे उलट-पलट लेना और मौका देखकर खरीद लेना आदत में शुमार है | बिहार तो बदनाम है ऐसे कारनामों के लिए | यह जूनून भी है और आशिकी भी, पर इतनी ईमानदारी तो बरतो सनम कि मैं तुम्हें और तुम मुझे बे-शर्त प्यार कर सको |
पुनश्च – मालूम हो कि यह एक विनम्र शिकायत है, आलोचना नहीं | जल्दी से स्वस्थ हो जाओ | Get well soon.

दमा दम मस्त कलंदर

आज सुबह-सुबह वडाली ब्रदर्स का गाया हुआ दमा दम मस्त कलंदर सुन रहा था. गाने के दौरान उन्होंने फ़कीर मस्त कलंदर से जुड़ा एक अद्भुत किस्से का ...