Wednesday, July 29, 2015

बिना मंच के भारतीय रंगमंच!

कला, संस्कृति और रंगमंच के विकास और बढ़ावा के नाम पर हर ना जाने कितने रूपए स्वाहा होते हैं; किन्तु विकास के सारे दावे ध्वस्त हो जातें हैं जब यह पता चलता है कि देश के अधिकांश शहरों में सुचारू रूप से नाटकों के मंचन के योग्य सभागार तक नहीं हैं. महानगरों में जो हैं भी वे या तो बहुत मांगें हैं या फिर जैसी-तैसी अवस्था में हैं। इसलिए इन पैसों से चंद गिने-चुने जुगाडू रंगकर्मियों और संगीत नाटक अकादमियों में बैठे बाबुओं के व्यक्तिगत विकास के अलावा शायद ही कुछ खास हो पता है। ऐसा कहा जाता है कि कला और संस्कृति किसी भी समाज का आईना होता है। यदि यह सच है तो वर्तमान में समाज और कला संस्कृति की स्थिति क्या है आप स्वयं ही अनुमान लगा सकतें हैं। हमारे भारतीय समाज की ज़रूरतों में रंगमंच का स्थान न्यूनतम से न्यूनतम है। एकाध अपवादों को छोड़ दें तो पुरे देश का रंगमंच मूलभूत सुविधाओं तक से अब तक महरूम है।
मानकता के पैमाने पर भारत में बहुत ही कम ऐसे सभागार हैं जो रंगमंच की दृष्टि से एकदम सही माने जा सकतें हैं। जो भी हैं उनमें से ज़्यादातर सभागार जुगाड़ भिड़ाकर नाटक के लायक किसी तरह बना भर लिए गए हैं। यहाँ जितने भी सभागार बनाये गए हैं वे मूलतः बहुआयामी उपयोग के लिए हैं। भारत के चंद गिने चुने शहरों में जहाँ रंगमंच में एक निरंतरता है वहाँ की स्थिति आंशिक रूप से कुछ बेहतर कही जा सकती है, पर वहाँ भी केवल एक या दो सभागार ही काम लायक हालत में कहे जा हैं। कई सभागार तो रख-रखाव के आभाव में धूल के भंडार में तबदील हो गए हैं। प्रकाश के उपकरण इतने बेदर्दी से टंगे होतें हैं कि कब अभिनेताओं के ऊपर गिर पड़ें पता नहीं। जहाँ तक सवाल पूर्वाभ्यास के स्थलों का है तो कभी कोई पार्क, कोई मैदान, कोई सरकारी, गैर-सरकारी स्कूल का खाली कमरा, खँडहर पड़ा कोई मकान या किसी आस्थावान रंगकर्मी का घर ही अमूमन पूर्वाभ्यास स्थल बनते हैं। आइये कुछ शहरों का जायजा लिया जाय, हिन्दुस्तानी रंगमंच का नंगा यथार्थ भी इसी के आसपास है।
मध्यप्रदेश का शहर जबलपुर। तीन सक्रिय रंग-मंडलियां हैं। साल में तीन राष्ट्रीय नाट्य महोत्सव का आयोजन होता है। समागम रंगमंडल द्वारा रंग-समागम, विवेचना द्वारा रंग-परसाई व विवेचना द्वारा आयोजित राष्ट्रीय नाट्य समारोह। इन नाट्योंत्सवों में देश के अलग-अलग शहरों के नाट्यदल अपने नाटकों का प्रदर्शन करतें हैं। यहाँ कुल तीन सभागार हैं। पहला, शाहिद स्मारक ट्रस्ट का सभागार है, उसका किराया लगभग पन्द्रह हज़ार रूपया प्रतिदिन है। दूसरा, तरंग जो मध्यप्रदेश पावर मैनेजमेंट कंपनी का सभागार है, इसका किराया तीस हज़ार रुपये प्रतिदिन और तीसरा नगर निगम का सभागार मानस भवन है, जिसका किराया पच्चीस हज़ार रूपया प्रतिदिन है। किसी भी सभागार में प्रकाश और ध्वनि यंत्रों की कोई समुचित व्यवस्था नहीं है। जहाँ तक सवाल पूर्वाभ्यास के स्थानों का है तो उसका कोई निश्चित स्थान नहीं है। कभी किसी स्कूल का मैदान, कभी कोई हॉल यहाँ पूर्वाभ्यास स्थल बनता है।
डोंगरगढ़, मध्य प्रदेश का एक छोटा सा कस्बा है। कोई सभागार नहीं है । मंच अस्थायी बनता है व पंडाल लगाना होता है । साउंड सिस्टम नजदीकी जिले से आता है तथा लाइट भिलाई से मंगाना पड़ता है। वास्तविक खर्च पचास हजार से ज्यादा बैठता है जो जनसहयोग से जैसे-तैसे जुटाया जाता है। पूर्वाभ्यास के लिए कोई जगह नहीं है।
रायगढ़, छतीसगढ़। चार-पांच लाख की आबादी वाले इस शहर में कोई रंगशाला नहीं है। पॉलिटेक्निक कॉलेज का ऑडिटोरियम है जिसे पक्के तौर पर एक सामान्य हॉल कहा जा सकता है। ऑडिटोरियम के निर्माण में किसी भी तरह की तकनीकी जरुरत का ध्यान नहीं रखा गया। वहाँ किसी भी कार्यक्रम का आयोजन आयोजक की मजबूरी है। आज उसे बने लगभग 30-32 वर्ष हुए। कभी कोई बड़ा मेंटेनेंस नहीं किया गया। सीट, ग्रीन रूम की हालत खराब है। लाइट, साउंड किसी तरह लगाया जाता है। सभागार में वेंटीलेशोंन भी नहीं है सो गर्मी के दिनों में अभिनेता-दर्शक सब पसीने में सराबोर होतें हैं। किराया है तीन हज़ार है लेकिन नाटक लायक बनाने में 12-15,000 पड़ता है। इन जुगाड़ को करने में जो मानसिक त्रास से आयोजकों को गुजरना पड़ता है उसकी कोई कीमत नहीं। इप्टा साल में दो एक आयोजन करती है , राष्ट्रीय नाट्योत्सव खुले मैदान में एक चालू हाल बना कर किया जाता है जिसमें 600-700 लोगों के बैठक व्यवस्था होती है। 5 दिनों का खर्च आता है 1,20,000 रु., याने एक दिन का खर्च 24,000 रु.। यह पूरा खर्च जन-सहयोग से जुटाया जाता है। यह आयोजन पिछले 17 साल से लगातार किया जा रहा है। जिस शहर में ऑडिटोरियम नहीं है तो पूर्वाभ्यास के लिए जगह की उम्मीद नही की जा सकती। वो तो भला हो नगर-निगम वालों का जिन्होंने अपना सभाकक्ष रिहर्सल के मुफ्त में उपलब्ध कराया है। जिस दिन इस सभागार में कोई कार्यक्रम होता है उस दिन रिहर्सल बंद। हाँ, अभी  6-7 माह पहले एक सरकारी सभागार के निर्माण का कार्य आरम्भ हुआ है।
रायपुर, छत्तीसगढ़ की राजधानी। पूरी दुनियां में भारतीय रंगमंच का परचम लहरानेवाले हबीब तनवीर की कर्मभूमि। सभागार के नाम पर महाराष्ट्र मंडल का प्रेक्षागृह, कालीबाड़ी का रवीन्द्र मंच, शहीद स्मारक का प्रेक्षागृह, मेडिकल कालेज का प्रेक्षागृह और रंगमंदिर है, किन्तु इनमें से एक भी तकनीकी दृष्टि से नाट्य मंचन के लिए उपयुक्त नहीं । उसका किराया और प्रबंधकों का व्यावसायिक नजरिया रंगकर्मियों को निराश करता  है।
राँची, झारखण्ड। खनिज पदार्थों से भरे इस राज्य की राजधानी में कोई लगातार सक्रिय रंगमंच की गतिविधि नहीं है ना ही रंगमंच के लिए कोई सभागार ही है। साल में दो-चार नाटक जैसे-तैसे, जिस तीस सभागार में किसी तरह हो जातें हैं। नाटकों के पूर्वाभ्यास अमूमन किसी के घर या किसी उपलब्ध जगह पर संपन्न किया जाता है। ऐसा सुनाने में आता है कि किसी ज़माने में राँची रगमंच काफी सक्रिय था। राँची का रंगमंच हर तरह से जर्जर हालत में है। किन्तु आज भी कुछ जुनूनी लोग जैसे-तैसे साल में एकाध नाटक कर लेतें हैं।
कोटा, राजस्थान में एक रिवोल्विंग स्टेज है जो पिछले कई सालों से बंद पड़ा है। कहा तो ये भी जाता है कि यह हिंदुस्तान का पहला रिवोल्विंग स्टेज था, किन्तु इस बात में कितनी सच्चाई है इसकी परख होनी अभी बाकि है। कोटा के पास ही जबलपुर सिटी है। यहाँ भवानी नाट्यशाला हैं। जिसकी स्थापना 1920 में हुई थी। आज ये भी बंद है। किसी ज़माने में यहाँ बड़े-बड़े नाटक और ऑपेरा का मंचन हुआ था। कोटा में कुल पांच सभागार हैं। सब के सब प्राइवेट। जिनका किराया 15,000 -30,000 रूपया प्रतिदिन है। वर्तमान में, केवल एक नाट्य दल एक्टिव है – पेरफिन। दर्शकों की कोई कमी नहीं है। रिहर्सल के लिए स्कूलों से मदद ली जाती है।
झाँसी और ग्वालियर, मध्यप्रदेश। झाँसी में केवल एक सभागार है जो रंगमंच क्या किसी भी कार्यक्रम के लिए उपयुक्त नहीं है। ग्वालियर में दो सभागार हैं – मेडिकल सभागार एवं एमएलबी सभागार। इनका एक दिन का किराया तीस से चालीस हज़ार रूपया है। उसपर भी लाईट और साउंड की कोई व्यवस्था नहीं है। जहाँ तक सवाल नाटकों के पूर्वाभ्यास का है तो वो किसी पार्क या किसी के घर पर की जाती है। सक्रिय नाट्य दल भी ज़्यादा नहीं हैं।
हिसार, कुरुक्षेत्र, सोनीपत हरियाणा। यहाँ जितने भी सभागार हैं वो सब स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय के हैं। दो-तीन के लाईट और साउंड ठीक हैं पर वो नाटकों के लिए बहुत कम ही उपलब्ध हो पातीं हैं। सभागार का किराया दस हज़ार है पर बहुत शिफारिश के बाद ही उपलब्ध हो पाती है। नाटकों के पूर्वाभ्यास किसी छत पर, स्कूल में या कुरुक्षेत्र में मल्टी आर्ट में होतें हैं। हरियाणा में कुल सात-आठ नाट्यदल हैं किन्तु स्थिति अनुकूल नहीं है। यहाँ किसी भी शिक्षण संस्थान में रंगमंच नहीं पढ़ाया जाता।
पटना और बेगुसराय, बिहार। बिहार आजकल सुशासन की आंधी में उड़ रहा है। बेगुसराय का रंगमंच का मुख्य केंद्र दिनकर भवन है। ये भी एक कामचलाऊ सभागार है जहाँ नाटकों के प्रदर्शन और पूर्वाभ्यास होता है। प्रकाश और ध्वनि की कोई व्यवस्था नहीं है। वैसे, रिफायनरी टाउनशिप में जुबली हॉल और ऑफिसर्स क्लब में एक सभागार है जहाँ कभी-कभी नाटक होतें हैं। दिनकर भवन का एक दिन का किराया एक हज़ार रुपया है जिसे अब प्रसाशन 5000 रूपया करने जा रहा था पर स्थानीय रंगकर्मियों के विरोध की वजह से ये फैसला वापस ले लिया गया। पटना में वैसे तो नवनिर्मित प्रेमचंद रंगशाला, भारतीय नृत्य कला मंदिर, रविन्द्र भवन आदि सभागार हैं किन्तु रंगमंच का केन्द्र अभी भी कालिदास रंगालय ही है। यहाँ प्रकाश और ध्वनि की सुविधा तो है किन्तु तकनीक बहुत पुरानी है। अपनी तमाम सीमाओं के बावजूद बिहार आर्ट थियेटर का कालिदास रंगालय पटना रंगमंच को हर संभव सहायता प्रदान करता है। वहीं तमाम आधुनिक सुविधाओं और कलाकारों के एक लंबे संघर्ष के बाद मुक्त हुआ राजकीय प्रेमचंद रंगशाला इतना ज़्यादा मंहगा और रंगमंच के प्रति उदासीन है कि बहुत कम ही रंगकर्मी वहां अपने नाटकों के प्रदर्शन के बारे में सोचतें हैं।
ये विकास का नारा बुलंद किये हिंदुस्तान के कुछ शहरों की तस्वीर है। गाँव की स्थिति का अंदाज़ा अपने आप ही लगाया जा सकता है। हिंदुस्तान का रंगमंच आज कहाँ खड़ा है।
यह है कुछ शहरों में साभगारों की स्थिति। आप अपने शहर का हाल बताइए।
आलेख में सहयोग के लिए समागम रंगमंडल (जबलपुर), दिनेश चौधरी (डोंगरगढ़), अपर्णा श्रीवास्तव (रायगढ़), मोना सिन्हा (राँची), राजेन्द्र पंचाल (कोटा), हिमांशु द्विवेदी (झाँसी), रवि मोहन (हिसार), दीपक सिन्हा (बेगुसराय) को आभार.

Tuesday, July 28, 2015

अनुदान के अँधेरे का ब्रह्मराक्षस

अपवादों को छोड़ दिया जाय तो हिंदी समाज में रंगमंच आर्थिक मामलों में कभी भी अपने पैरों पर खड़ा नहीं हो पाया और ना हीं कभी आवाम की ज़रूरतों में ही शामिल हो पाया है। इसीलिए टिकट खरीदकर नाटक देखने की प्रथा का विकास होना संभव ही नहीं हुआ। इसके केन्द्र में रंगमंच का अव्यावसायिक चरित्र के साथ ही साथ रंगकर्मियों के अंदर स्वयंतसूखाय विशिष्टताबोध है। वहीं कला और संस्कृति के प्रति समाज और सरकार का क्या नज़रिया है यह बात भी किसी से छुपी नहीं है।
तमाम खूबियों खामियों के बावजूद कभी पारसी रंगमंच और नौटंकी जैसी विधा अपने पैरों पर खड़े थे लेकिन सभ्य और आधुनिकता का चोला धारण किए महानगरीय रंगकर्मियों ने अमूमन इसे हेय दृष्टी से ही देखा और पश्चिम की हास्यास्पद और बेलगाम नक़ल करने में ही अपनी महानता समझी। हालांकि यह भी सच है कि व्यावसायिक कला की अपनी शर्तें, ज़रूरतें, जोड़-तोड़ और खूबियां-खामियां हैं जिसे स्वीकार करना सबके वश की बात नहीं। किन्तु समय-समय पर ऐसी नाट्य मंडलियां विकसित हुईं जिसने अपनी शर्तों पर भारतीयता से सराबोर रंगमंच किया और व्यावसायिक सफलता भी अर्जित किया। बिहार के लोक कलाकार भिखारी ठाकुर के रंगमंच को हम इस श्रेणी में रख सकते हैं। कहने की ज़रूरत नहीं कि देश भर में भीखारी ठाकुर जैसे अनगिनत कलाकार हुए। किन्तु समस्या यह है कि हमने रंगमंच की इस परम्परा को विकसित करना तो दूर, ओपनिवेशिक मानसिकता से सराबोर हो इसे ‘नचनियां-बजनियां’ जैसी घटिया उपाधियों से ज़्यादा भाव नहीं दिया।
जिस प्रकार भारतीय समाज में कई वर्ग, वर्ण आदि हैं ठीक उसी प्रकार भारतीय रंगमंच के अंदर ही अघोषित रूप से वर्गों वर्णों का निर्धारण है। यहाँ रंगमंच की कई धाराएं प्रवाहित होतीं हैं - कोई ब्रह्मण है, कोई क्षत्रिय, कोई वैश्य तो कोई शुद्र। इन सबमें एक बात कॉमन है कि जितनी भी नाट्य संस्थाएं कार्यरत है उनका मूल चरित्र अमूमन व्यक्ति केंद्रित है। एक खास व्यक्ति उस संस्था पर मालिकाना हक रखता है और बाकि या तो वहां सहयोगी की भूमिका में होते हैं या फिर मज़दूर की भूमिका में। किसी ज़माने में उस व्यक्ति को मलिकजी की उपाधि प्राप्त थी और आज निर्देशक की। इनकी इच्छा ही संस्थाओं का संविधान है। जो इसका सम्मान करता है वह साथ है नहीं तो बाहर।
संस्कृत नाटकों के काल में कला और संस्कृति ‘राज’ के संरक्षण में पोषित था वहीं कुछ को धार्मिक स्थलों का संरक्षण भी मिला। बाकि जो पारंपरिक कलाएं थी उनके संरक्षण और विकास पर कभी ढंग से बात ही नहीं होती। अंग्रेज़ी राज में भारतीय कला-संस्कृति कलाकारों के जुनून के सहारे ज़िंदा रही और यही जूनून आज भी कायम है। किन्तु जहाँ तक अर्थ यानि मुद्रा का सवाल है वहां स्थिति आज भी दैनीय ही है। 1947 के बाद कई सारी सरकारी और गैर सरकारी संस्थाएं अस्तित्व में आईं और कला-संस्कृति के विकास और प्रश्रय देने के लिए विभिन्न प्रकार के अनुदान देने की घोषणा की गईं। खैरात की तरह यह अनुदान बांटे जाने लगे और कमिशनखोरी नामक सांस्कृतिक भ्रष्टाचार बड़े ही शान से पनपने लगे। लोग बड़े गर्व के साथ अपने शिष्यों या शिष्य के शिष्यों को अनुदान से अनुग्रहित करने लगे और शिष्य इसे भगवान का प्रसाद समझकर ग्रहण करने लगे। भगवान को प्रसाद चढ़ाने की महान भारतीय परम्परा का विकास यहाँ भी ज़ोर-शोर से होने लगा। जिन्हें प्रसाद मिला वो जय-जयकार में और जिन्हें नहीं मिला वो ‘मुर्दाबाद’ में व्यस्त हो गए। इस बात से भी कतई इनकार नहीं किया जा सकता कि कुछ लोग और संस्थाएं आज भी है जो अनुदान के पैसे का समुचित और लोकतांत्रिक इस्तेमाल करतीं है।
यह नहीं भूलना चाहिए कि एक अर्ध-सामंती, अर्ध-ओपनिवेशिक और पूंजीवादी समाज में पूँजी की भूमिका निर्णायक होती है। इस प्रभाव से हमारे व्यक्तिगत सम्बन्ध भी अछूते नहीं रहते। संस्थाएं चुकी व्यक्तिगत इच्छा से संचालित हैं इसलिए इनको मिला अनुदान पर भी किसी एक व्यक्ति का मालिकाना हक हो जाना कोई आश्चर्य की बात नहीं हैं। अब यह उस व्यक्ति की व्यक्तिगत इच्छा पर निर्भर होने लगा है कि वह ग्रांट रूपी प्रसाद का अकेले सेवन करे या सामूहिक। नैतिकता के पतन, सामूहिकता का गर्वपात और भ्रष्टाचार की सामूहिक स्वीकृति वाले वर्तमान समय में नाट्य संस्थानों का एक एनजीओ के रूप में परिवर्तित हो जाना दुखद तो है किन्तु आश्चर्यजनक नहीं।
ज्ञातव्य है कि भारतीय कला और संस्कृति को बढ़ावा देने के नाम पर दिए जा रहे यह सरकारी अनुदान जनता की गाढ़ी कमाई का हिस्सा हैं जिन्हें चंद मौकापरस्त लोगों ने बंदरबांट का खेल बना रखा है। अनुदान किसे दिया जा रहा है और सही जगह पर खर्च हो रहें हैं या नहीं इसकी चिंता किसी को नहीं। जैसे-तैसे नाटक करके अनुदान ग्रहण करनेवाली संस्था कुछ प्रमाणों के साथ खर्चे का व्योरा भेज देतीं हैं और अगले अनुदान की चिंता में व्यस्त हो जातीं हैं। ऐसी स्थिति में भ्रष्टाचार का बोलबाला नहीं तो और क्या होगा? आखिर यह किसकी ज़िम्मेदारी है कि वो यह देखे कि जिस व्यक्ति या संस्था ने अनुदान के लिए आग्रह किया है वह उसके योग्य भी है या नहीं। वैसे रंगकर्मियों के नैतिक पतन के उदाहरणों की भी आज कोई कमी नहीं है। जिस चीज़ के लिए अनुदान दिया गया है उसकी उस व्यक्ति या संस्था के पास कोई समझ हो न हो, जैसे तैसे नाटक करके, अखबार की कतरन, चंद फोटो, ब्रोशर आदि प्रमाणपत्र के रूप में संलग्न कर दिया जाता है, बस बन गया काम। कहने का अर्थ यह कि सारा काम कागज़ी और यथार्थ हवा-हवाई व कमाई करने का साधन बन गया है।
रंगमंडल अनुदान की हालत तो और भी खराब हैं। इसके तहत किसी समूह को रंगमंडल चलाने के लिए अनुदान दिया जाता है। जिसमें एक निर्देशक समेत कई कलाकारों को आर्थिक सहायता प्रदान किया जाता है। किन्तु कई समूहों में इस अनुदान की हालत यह कि निर्देशक छोड़ किसी भी अभिनेता या अन्य को उतने राशि का भुगतान नहीं किया जाता जितने पर कि वह हस्ताक्षर करता है। निर्देशक इतनी भी राशि इस गर्व के साथ अभिनेताओं को प्रदान करता है जैसे वो अपनी ज़मीन बेचकर दे रहा हो और यह एक एहसान है जिसे इन तुच्छ अभिनेताओं को जीवनभर याद रखना चाहिए। किसी ने मुंह खोला तो बाहर का दरवाज़ा खुला हुआ है। निर्देशक चंद पैसों पर किसी भी अभिनेता को नचा सकता है और अपनी मर्ज़ी सब पर लाद सकता है, ऐसी अघोषित संविधान है। वहीं ऐसे अभिनेताओं की भी कमी नहीं जो पैसे के लिए किसी के पास भी नाच सकते हैं। दुखद सच तो यह है कि इस खेल में राष्ट्रीय स्तर के कई दिग्गज और सम्मानित रंगकर्मी बड़े गर्व से शामिल हैं और नाट्यचिन्तक मौन। ऐसे समय में नैतिकता का सारा भार नई पौध पर नहीं थोपा जा सकता।
जिस समाज और व्यवस्था के कण-कण में भ्रष्टाचार का प्रवेश हो चुका है वहां कोई एक अंग दूध का धुला होगा ऐसा, यह संभव नहीं। इस व्यवस्था के कण-कण में दीमक लग चुका है जिसे केवल पूंजी और ताकत की भाषा सुनाई पड़ती है, बिना इसे बदले किसी भी प्रकार के बदलाव की आशा दिवास्वप्न होगा। जिनलोगों ने विकास का फरेब करके पुरे देश को विदेशी ताकतों के हाथों में गिरवी रख-रखा है उनसे क्या उम्मीद की जा सकती है। इतिहास गवाह है कि इस व्यस्था में चीज़ें ऐसी ही चली हैं और ऐसे ही चलेगीं। सरकारें या सरकारी पदों पर कुछ लोग बदल जाने ने व्यवस्था नहीं बदलती। मूल प्रश्न यह है कि क्या हमें इसी व्यवस्था में जोड़ तोड़ करके जीवनयापन और रंगकर्म करना है या इसे बदलने के लिए अपनी यथासंभव उर्जा लगानी हैं। भ्रष्टाचार का जिन्न ऊपर से नीचे की यात्रा करता है इसलिए जब तक कोई सामाजिक बदलाव नहीं होता तब तक कोई बड़ा बदलाव संभव नहीं। मुक्तिबोध के शब्दों में कहें तो अभिव्यक्ति के खतरे उठाते हुए मठ और गढ़ तोड़ने होगें वरना जो कुछ चल रहा है उसे रोकना असंभव है। हां, छोटे-मोटे सुधार हो सकते हैं लेकिन सुधार का अर्थ फटे-सड़े कपड़े पर चिप्पी साटने से ज़्यादा कुछ नहीं होगा।

Monday, July 27, 2015

समकालीन रंगमंच से जुड़े कुछ सवाल-जवाब

मेरा यह साक्षात्कार इप्टानामा के सम्पादक दिनेश चौधरी द्वारा लिया गया। इसे इप्टानामा के नए अंक और कल के लिए नामक पत्रिका के अंक 87-88 में भी पढ़ा जा सकता है।

हिंदी रंगमंच के समक्ष आज सबसे बड़ी चुनौती क्या है?
पूंजी, प्रशिक्षण, पूर्वाभ्यास की जगह, नाट्य प्रदर्शन के लिए उचित सभागार आदि मुलभुत ज़रूरतों की कमी एक चुनौती तो है किन्तु हमेशा से ही हिंदी रंगमंच की सबसे बड़ी चुनौती यह रही है कि वह कभी भी जनता की ज़रूरतों में शामिल नहीं हो सका। तमाम वर्गों, वर्णों और जातियों में विभाजित, कला और संस्कृति के प्रति अति-उदासीन हिंदी प्रदेशों में सांस्कृतिक नवजागरण के कुछ प्रयास निश्चित रूप से हुए भी लेकिन वह काफी नहीं थे। रंगमंच का यहाँ ऐसा कोई दर्शक वर्ग ही तैयार नहीं हुआ है जो अपनी बदौलत नाटकों और कलाकारों की ज़िम्मेवारी उठाने की क्षमता रखता हो। यहाँ रंगकर्म कभी राजाओं के प्रश्रय में चला तो कभी सामंतो के, तो कभी रंगकर्मियों के जूनून की बदौलत और आजकल सरकारी अनुदानों के तरफ़ हाथ फैलाया जा रहा है।
रंगकर्मी सक्रिय तो हैं किन्तु आज तक इस प्राथमिक सवाल का जवाब नहीं तलाश पाए हैं कि वो रंगमंच कर क्यों रहे हैं! इस महत्पूर्ण सवाल के जवाब के बिना कोई भी कला निरुद्देश्यता का ही शिकार होगा। जो रंगकर्मीं और समूह एक खास विचारधारा के कार्यकर्त्ता बन जनचेतना के लिए काम कर रहे थे, वहां भी बिखराव साफ़-साफ़ देखा जा सकता है। पिछले कुछ दशकों में जब जन आंदोलनों की दिशा ही भटक गई वैसे में इनके मन में भी अपने वैचारिक आदर्शों और सुन्दर समाज रचने के सपनों को लेकर भटकाव होना स्वभाविक ही था।
व्यवहार की जड़ में विचार होता है। वैचारिकता का भटकाव व्यवहार में साफ़-साफ़ देखने को मिलता है। कला और समाज एक दूसरे के पूरक हैं और आज दोनों ही विकट रूप से वैचारिक संकट की चपेट में हैं। जबतक वैचारिक संकट व्यावहारिक रूप से दूर नहीं होता तबतक व्यवहारिक धरातल पर अराजकता का ही राज रहेगा।

बड़ी पूंजी के आगमन से अन्य संचार माध्यमों की तरह क्या रंगकर्म और उसके सरोकारों को भी प्रभावित किया है?
अर्ध-सामंती, अर्ध-ओपनिवेशिक और पूंजी की महत्ता वाले समाज में पूंजी जब आपसी रिश्तों तक को प्रभावित करने की क्षमता रखती है तो ऐसे समय में यह नहीं कहा जा सकता कि इसने रंगमंच को प्रभावित नहीं किया है। लेकिन मैं अपनी बात को ज़रा दूसरे तरीके से कहना चाहूँगा। बल्कि मैं यह सवाल उठाना चाहूँगा कि जो भी लोग सरोकारों से सराबोर हो रंगमंच कर रहे हैं/थे क्या किसी ने उनका ख्याल रखा? क्या किसी ने यह सोचा की रंगकर्मीं भी इंसान होता है जिसकी कुछ मूलभूत ज़रूरतें हैं जिन्हें पूरा किया जाना चाहिए। भूखे पेट लंबे समय तक किसी भी विचारधारा का झंडा नहीं ढोया जा सकता है। आज रंगकर्मी (खासकर सरोकारवाले) तमाम प्रकार के समझौते कर रहे हैं तो इसके लिए उन्हें दोष देने से पहले एक बार यह भी सोचना चाहिए कि क्या वो ऐसा जानबूझकर कर रहे हैं या वो इसके लिए मजबूर हैं।
रंगकर्मी और समाज रंगमंच के दो पहिए हैं। किन्तु दुखद सच यह है कि समाज बीमार है और रंगकर्मी खाली पेट। जब अस्तित्व पर संकट हो तो ऐसे समय में सरोकार से पहले अस्तित्व की लड़ाई लड़ी जाती है। हां, उस लड़ाई की दिशा सार्थक भी हो सकती है और अराजक भी।

क्या “अच्छे दिनों” का राजनैतिक-सामाजिक परिदृश्य रंगकर्मियों के लिए अभिव्यक्ति के खतरे उठाने का आह्वान नहीं कर रहा?
अच्छे दिनों का नारा एक राजनैतिक फार्स है और किसी भी सजग और सामाजिक सरोकार रंगकर्मीं का सरोकार केवल फार्स मात्र नहीं हो सकता। वैसे भी सार्थक रंगमंच का मूल स्वर ही विरोध का है और इस विरोध के दायरे में हर वो चीज़ आती है जो अप्राकृतिक, अमानवीय और झूठ है। सत्ता चाहे किसी के पास हो, संवेदनशील और सजग रंगकर्मियों ने तो हमेशा से ही अभिव्यक्ति के खतरे उठाए हैं; उठा रहे हैं और उठाते रहेंगें। शायद इसीलिए वो आज किसी के भी प्रिय नहीं हैं। सनद रहे कि मैं यह बात सजग और सामाजिक सरोकार से संपन्न कलाकारों के बारे में कर रहा हूँ लाशों की ढेर पर अपनी रोटी सेंकनेवाले कलाकारों के बारे में नहीं। वैसे भी परजीवी लोग दूसरों की खुराक चूसकर ज़िंदा रहते हैं अपनी खुराक खुद पैदा नहीं करते।

आधुनिक नाटकों में किए जानेवाले अधिकाधिक प्रयोगों ने क्या नाटक और दर्शक के बीच की खाई को और अधिक बढ़ा दिया है?
प्रयोगों के माध्यम से कोई भी कला अपने में नवीनता और प्रगति का समावेश करता है इसलिए प्रयोग को लोकप्रियता या स्वीकार्यता के दायरे से नहीं परखा जाना चाहिए। यदि नवीन प्रयोग न हों तो कला और समाज जड़ हो जायेगा। प्रयोग के विरोध का अर्थ यथास्थितिवादी और जो कुछ भी उपस्थित है वहीं अतिंम सत्य है जैसी अवैज्ञानिक विचार को मानना है। जहाँ तक सवाल प्रयोग की सफलता-असफलता का है तो यह कतई ज़रूरी नहीं कि हर प्रयोग सफल हो ही। केवल रंगमंच ही नहीं बल्कि कृषि, विज्ञान, साहित्य आदि अन्य क्षेत्रों में प्रयोग हो रहें हैं – सफल और असफल हर प्रकार के। प्रयोग होंगें तो वह सफल भी होंगें और असफल भी। इतिहास गवाह है कि मानव ने प्रयोगों के माध्यम से ही प्रगति का रास्ता तय किया है। दुनियां पाषाण युग, लौह युग, स्पेस युग से गुज़रती हुई आज डिजिटल युग में प्रवेश कर गई है। यदि यह प्रयोग नहीं होता तो क्या यह सबकुछ संभव था? मानव ने प्रयोग नहीं किया होता तो हम आज भी जंगलों में रह रहे होते, शिलालेख लिख रहे होते, नंगे घूमते और कच्चा मांस खा रहे होते। मानव पहली बार जो कुछ भी करता है वह प्रयोग ही तो होता है, जो सफल होने पर परम्परा बन जाता है।
जहाँ तक सवाल दर्शकों का है तो उसे अमूमन परिणाम से मतलब होता है प्रक्रिया से नहीं। इससे उन्हें कोई सरोकार नहीं कि आप इसे दर्शकों तक पहुँचाने के लिए कितनी मेहनत करते हैं, कितना प्रयोग करते हैं; या करते भी हैं कि नहीं। वैसे भी उनके दिमाग में यह गलत धारण बैठा दी गई है कि कला का काम मनोरंजन मात्र करना है। यह सच है कि बोझिलता कोई झेलना नहीं चाहता लेकिन दर्शकों केवल मनोरंजन मात्र ही किसी सार्थक कला का उद्देश्य नहीं हो सकता और दर्शकों को भी इसके लिए तैयार रहना चाहिए। ऐसा दर्शकवर्ग तैयार करना हम सबकी ज़िम्मेदारी है। यहाँ केवल लकीर के फकीर बनकर मनोरंजन-मनोरंजन और मनोरंजन रटने से काम नहीं चलेगा। मूल समस्या यह है कि हम आज भी नवीनता से खौफ खाते हैं और अमूमन आजमाई हुई चीज़ों को ही खाने, पहनने और देखने में सहजता महसूस करते हैं। वैसे भी जिसे आज हम परम्परा कहते हैं वे भी कभी प्रयोग ही थे। इंसान ने एकाएक ही कोट-पैंट धारण नहीं कर लिया बल्कि यह पत्ते, खाल आदि से होते हुए हज़ारों साल चले प्रयोग का नतीज़ा है। ठीक उसी प्रकार हर काल में रंगमंच ने अपने अंदर प्रयोग के माध्यम से सार्थक बदलाव किए हैं और यह बदलाव कथ्य और शिल्प दोनों ही स्तरों पर साफ़-साफ़ देखा जा सकता है। यदि ऐसा नहीं होता तो हम आज भी किसी राजमहल में नाट्यशास्त्र में वर्णित बातों को ही अंतिम सत्य मानके कालिदास के नाटकों का ही मंचन कर रहे होते। इसीलिए कला और समाज दोनों में नवीन प्रयोग होते रहे इसी में सबकी भलाई है। वैसे भी जमा हुआ पानी सड़ने लगता है। इसलिए प्रयोगों से डरने की ज़रूरत नहीं है। जो प्रयोग सार्थक होंगे वह अपनेआप ही स्वीकार कर लिए जायेंगें और निर्थक प्रयोग का नकार भी स्वतः ही होता रहेगा।

बड़े शहरों का रंगकर्म छोटे शहरों और कस्बों में होनेवाले रंगकर्म की तरह जन्नोमुख क्यों नहीं है?
इस बात में कोई सच्चाई नहीं कि बड़े शहरों का रंगकर्म छोटे शहरों और कस्बों में होनेवाले रंगकर्म की तरह जन्नोमुख नहीं है। दर्शक हर जगह के रंगमंच का ज़रूरी अंग है और रहेगा। कहीं का भी रंगमच बिना जन (दर्शक) के संभव ही नहीं है। मैं इस बात को नहीं मानता कि कस्बों और छोटे शहरों में नाटक देखने आए लोग ही जन है बड़े शहरों और महानगरों में नाटक देखने आए लोग नहीं। क्या मोहन राकेश, धर्मवीर भारती, विजय तेंदुलकर, गिरीश कर्नाड, ब्रेख्त, बर्नार्ड शॉ, सार्त्र, कामू आदि के नाटकों में जन सरोकार नहीं हैं? चरणदास चोर जैसा नाटक यदि छोटे शहरों और कस्बों में खेला जाता है तो जन्नोमुख रंगकर्म हो जाता है और वहीं नाटक बड़े शहरों और महानगरों में खेला जाता है तो विलासिता! यदि ऐसा है तो निश्चित रूप से यह एक दोहरा मापदंड है जो संकीर्ण मानसिकता का परिचायक है। जन सरोकार का शहर, गांव, क़स्बा से कोई लेना देना नहीं है बल्कि यह एक प्रतिबद्धता और वैचारिकता का सवाल है जिसका अभाव कहीं भी हो सकता है – शहर, गांव, क़स्बा, महानगर कहीं भी।

क्या कहानी के रंगमंच ने हिंदी में पहले से ही दुर्लभ नाट्य लेखन की परम्परा को और क्षीण किया है?
बिलकुल नहीं। नाटक में दुनियां की सारी कलाएं समाहित हैं – गीत, संगीत, पेंटिंग, साहित्य सब। इससे नाटक समृद्ध होता है क्षीण नहीं। पेंटिग, संगीत, नृत्य की कई शैलियां हो सकती हैं तो रंगमंच की क्यों नहीं? यदि हम केवल नाटक की बात करें तो इसके भी प्रकार हैं। नाट्यशास्त्र में भारत ने इसे दसरूपक कहा है जिसमें नाटक, प्रकरण, प्रहसन, व्यायोग, भाण, डिम, वीथि, ईहामृग, समवकार, अंक नामक दसरूपकों का वर्णन है।

रंगकर्म को लेकर सरकार की सांस्कृतिक नीति क्या होनी चाहिए?
एक ऐसे देश में जहाँ कला और संस्कृति हासिए पर हो, बाज़ारवाद के प्रभाव में संस्कृतियां इतिहास में विलीन होने को अग्रसर हो, तमाम सरकारी नीतियां के कण-कण में भ्रष्टाचार का वास हो और संस्कृति के नाम पर अप-संस्कृति का बोलबाला हो व जहां हवा और सुनामी में सरकारों की अदलाबदली हो जाती हो वहां बिना किसी सांस्कृतिक नवजागरण के सांस्कृतिक नीति की उम्मीद कैसे की जा सकती है? केवल नीति बना भर देने से क्या होगा? मनरेगा जैसे नीति का क्या हाल हुआ क्या हम नहीं जानते?
क्या किसी भी पार्टी के प्रमुख एजेंडे में कला-संस्कृति नामक चीज़ है? यह विचार का दिवालियापन है कि आप नीति बनाने की बात करेंगें तो उनकी समझ में आर्थिक सहायता आता है! क्या केवल आर्थिक सहायता भर प्रदान कर देने से कला-संस्कृति का विकास हो जाएगा? बिलकुल नहीं, बल्कि इसके लिए एक ऐसा सामाजिक, आर्थिक और राजनैतिक परिवेश बनाना होगा जहाँ कला-संस्कृति समाज का एक अभिन्न और ज़रूरी अंग बनकर कंधे से कंधा मिलाकर चले और सहज रूप से अपना विकास कर सके। जहाँ संस्कृतियों का आदान-प्रदान तो हो लेकिन लोगों को अपनी कला और संस्कृति पर भी गर्व हो, न कि इसे नचनियां-बजानियाँ का पेशा समझें।
अंग्रेजों की गुलामी से आज़ाद होने के इतने साल बाद भी यदि हमारे देश में कोई संस्कृति नीति नहीं है तो क्या किसी को इसकी चिंता भी है? लोकतंत्र के नाम पर यहाँ जो कुछ अलोकतांत्रिक चल रहा है क्या हम उससे अनजान हैं? क्या लोकतंत्र का मतलब केवल चुनाव का अधिकार होता है? क्या यह सच नहीं कि लोकतंत्र का नगाडा खूब ज़ोर-ज़ोर से पीटनेवाली पार्टियों की कार्यशैली इतनी ज़्यादा अलोकतांत्रिक कि वो अपने चंदा देनेवालों के नाम तक सावर्जनिक नहीं करना चाहती। तब क्या यह सवाल नहीं उठता कि आखिर यह पार्टियां किसके इशारे पर नाचतीं हैं? यदि इसका जवाब जनता है तो मुझे इस जवाब पर कतई यकीन नहीं।
आज सरकार जो रंगमंच को बढ़ावा देने के नाम पर अनुदान बांट रहीं है उससे रंगमंच का एनजीओ करण हो रहा है न कि विकास। जनता की गाढ़ी कमाई का (कुछ अपवादों को छोड़कर) कैसा बंदरबांट मचा है यह जग ज़ाहिर है। सांस्कृतिक संस्थानों में कैसे-कैसे असंस्कृतिक व्यक्तित्व विराजमान है यह भी अब किसी से छुपा नहीं हैं। किन्तु सबसे दुखद सच यह कि अब रंगकर्मी भी अपना हक़ नहीं बल्कि अपना हिस्सा मांगने तक में ही संतुष्ट होने लगे हैं।
इसलिए केवल सरकार के नीति बनाने से काम नहीं चलेगा बल्कि यह एक सांस्कृतिक क्रांति का विषय है, जो निश्चित रूप से सामाजिक क्रांति के साथ ही होगा। इसलिए बिना किसी सामाजिक व सांस्कृतिक क्रांति के किसी भी कला और समाज का भला नहीं होनेवाला। हां, भला होने का भ्रम ज़रूर फैलाया जा सकता है।

क्या राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय जैसे संस्थान और वहां के प्रशिक्षित एक बड़ी जमात ने देशभर में चल रहे शौकिया रंगमंच को नकारने का काम किया है?
जिसे यहाँ बड़ी जमात कहा जा रहा है उसकी संख्या कितनी है? बल्कि बड़ी जमात उनकी है जिसे आप शौकिया रंगकर्मीं कह रहे हैं। राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय से प्रशिक्षित रंगकर्मियों की संख्या अल्पमत वाली है। तो क्या उनके पास इतनी शक्ति है कि वो बहुमत को नकार सकें? रंगमंच में आखिरी फैसला दर्शकों का होता है। इसलिए किसी भी अन्य के नकारने या स्वीकारने से कुछ नहीं होता। देश भर में ऐसे रंगकर्मियों की कोई कमी नहीं जिन्होंने दर्शकों के दिलों पर राज किया और आज भी कर रहे हैं। दर्शक डिग्री नहीं नाटक देखने आते हैं। नाट्य-प्रस्तुति यदि अच्छी है तो किसी के भी व्यक्तिगत कुंठा का वहां कोई स्थान नहीं होता। इसलिए हमें किसी के स्वीकार-नकार से ज़्यादा दर्शकों की प्रतिक्रियायों को सम्मान देना चाहिए। रंगमंच मेहनत और लगन के द्वारा सतत “करते हुए सिखाने और सिखाते हुए करने” की चीज़ है। इस विधा में व्यक्तिगत कुंठाओं का कोई स्थान नहीं है। इसलिए व्यक्तिगत रूप से हमारे पसंद-नापसंद से समय का बहुआयामी सच नहीं बदल जाता।
हमारी मूल समस्या यह नहीं है कि कौन हमें स्वीकार रहा है या कौन नकार रहा है बल्कि हमारी मूल समस्या यह है कि हमारे अंदर आलोचनाओं को सुनने और समझाने की इच्छा शक्ति का ह्राश हुआ है और हम ज़रूरत से ज़्यादा आत्ममुग्ध हो गए हैं। जो निश्चित रूप से एक खतरनाक बात है। आत्ममुग्धता किसी भी कला का शत्रु होता है। इसलिए हमें यथाशीघ्र ही अपनी-अपनी आत्ममुग्धता पर काबू पा लेना चाहिए और सकारात्मक आलोचनाओं को यथोचित सम्मान देना सिखाना चाहिए। इसी में रंगकर्म और रंगकर्मीं दोनों का भला है। इसलिए कौन हमने स्वीकार रहा है कौन नहीं इसका ग़म नहीं होना चाहिए। मेहदी हसन के एक गज़ल का शेर कुछ यूं है -
जो ग़में हबीब से दूर थे वो खुद अपनी आग में जल गए
जो ग़में हबीब को पा गए वो ग़मों से हंसके निकल गए।

Sunday, July 26, 2015

बिहार का रंगमंच : एक संछिप्त टिप्पणी

"बिहार की पहली शौक़िया नाट्य-संस्था की स्थापना केशवराम भट्ट ने 1876 में पटना नाटक मंडली के नाम से गठित की थी। उन्होंने बिहारबंधु पत्रिका के छापाखाने में बने अस्थाई रंगमंच पर इसी मंडली द्वारा अपने दो नाटकों - शमशाद सौसन और सज्जाद सुंबुल को प्रदर्शित किया था। कई वर्षों बाद आरा में जैन नाटक मंडली (1918-19), सार्वजनिक नाट्य मंडली (उन्नीसवीं सदी का अंतिम दशक), मनोरंजन नाटक मंडली (1918-19), छपरा क्लब (1919) और शारदा नाट्य समिति (बीसवीं सदी का दूसरा दशक) आदि नाट्य-संस्थाएं बनी। इन मंडलियों के गठन और रंगकार्यों के पीछे पारसी कंपनियों द्वारा प्रदर्शित नाटकों का प्रभाव था। .... इन्ही कंपनियों के अनुकरण पर यहाँ पहली व्यवसायिक नाट्य-मंडली बिहार थियेट्रिकल ट्रूप (1884) की स्थापना हुई। ... किन्तु एक महीने के बाद ही कम्पनी के कर्मचारियों और किसी दर्शक के बीच मारपीट हो हुई और फ़ौजदारी का मुकद्दमा दायर हो गया।"
(रंग दस्तावेज़, सौ साल, 1850-1950, संपादक - महेश आनंद, प्रकाशक - राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय)
पुस्तक से उपरोक्त जानकारी प्राप्त होने पर दो बातें मेरे मन में घुमड़ रही हैं। पहली यह कि नाटक देखने का संस्कार आज भी बिहार में शैशव अवस्था में ही है और दूसरी वह जिसका संकेत महेश आनंद सर प्रस्तुत पुस्तक की भूमिका में हीं कर देते हैं कि हिंदी के नाट्य-दस्तावेज़ीकरण का मामला अधर में ही लटका पड़ा है।
उदाहरणार्थ; बिहार का एक कस्बा है पंडारक। वहां हिंदी नाटक समाज नामक नाट्यदल सन् 1922 से आजतक लगातार कार्यरत है। हर वर्ष दुर्गापूजा के अवसर पर नाटकों का मंचन आज भी करती है। किन्तु दस्तावेज़ों की ख़ाक छानने के पश्चात् भी इनकी कोई जानकारी शायद ही मिलती है। ऐसे न जाने कितने इतिहास के अनमोल पन्ने बिखरे पड़े हैं बिहार की धरती पर। पता नहीं कब होगा इनका दस्तावेज़ीकरण।
वैसे दस्तावेज़ीकरण के मामले में पूरा हिंदी समाज ही आलसी है। हां बक बक करने और अपनी महानता साबित करने में कोई किसी से एक सूत भी कम नहीं। लिखने बोलिए तो नानी याद आने लगती है। कोई बहुत उदार हो भी जाता/ती हैं तो कह देगें हम बोलते हैं तुम लिख लो या फिर ऐसा करो तुम लिखके ले आओ हमको सुना देना फिर जो कम बेसी होगा हम बता देंगें।
सरकारों की बात क्या किया जाय! उसको नाटक-नौटंकी, कल्चर-कल्चरल से क्या मतलब! उसे तो अग्रिकलचल नहीं बुझाता तो कल्चर और कल्चरल क्या बुझाएगा? आप चिल्लाईएगा कल्चर-कल्चरल तो सरकार बोलेगी ग्रांट ले लो और जो करना है करो और चुप रहो।
नाट्य चिंतक कोंस्तांतिन स्तानिस्लावसकी 'actors without makeup' नामक आलेख में कहते हैं -"जो हो, मैं समझता हूँ हर कला साधक को लिखना चाहिए, केवल आम शब्दावली में अपनी जीवन गाथा नहीं, बल्कि अपने कलाकर्म को व्यवस्था देने की कोशिश में लिखना चाहिए। उसे अपनी रचना और रचना प्रक्रिया का विश्लेषण प्रस्तुत करना चाहिए। इन्हीं विश्लेषणों से रचना प्रक्रिया के संसार की गुत्थियां सुलझाएगी और ठोस सूत्र हाथ आएंगें। इस काम में पुराने महारथियों की जवाबदेही बहुत ज़्यादा है - उन्हें अपने धंधे (पेशे) का राज छुपाने और उन पर अपना स्वत्वाधिकार बनाने का कोई अधिकार नहीं। उन्हें अपने सारे गोपन सत्य उजागर करने चाहिए, क्योंकि चाहे अनचाहे नई पीढ़ी देर-सबेरे इन सभी नतीजों को हासिल कर ही लेगी।" (स्तानिस्लावस्की-अवचेतन के मुहाने पर अभिनय, लेखक - श्रीकान्त किशोर)
बहरहाल, उपरोक्त पुस्तक हर रंगकर्मी को एक बार ज़रूर ही पढ़नी चाहिए।

Tuesday, February 17, 2015

डोंगरगढ़ : मंगौड़ी, कचौड़ी, पकौड़ी, चटनी और रंगमंच

सभागार
अमेरिकी नाटककार व रंग-चिन्तक डेविड ममेट ने अपनी किताब “सत्य और असत्य” (true and false : heresy and common sense for the actors) में लिखा है कि “आपका काम नाटक को दर्शकों तक पहुंचना है, इसलिए शुतुरमुर्ग की तरह रेत में गर्दन घुसा लेने या विद्वता मात्र से काम नहीं बनेगा।" वैसे कुछ अति-भद्रजनों को शीर्षक से आपत्ति हो सकती है कि मंगौड़ी, कचौड़ी, पकौड़ी, चटनी के साथ रंगमंच की बात! तो अर्ज़ है कि मंगौड़ी, कचौड़ी, पकौड़ी, चटनी खाने की लजीज़ चीज़ें हैं और रंगमंच खेलने और देखने की। जब हम कोई चीज़ खेलते हैं तो सब कुछ भूलकर उसी में मस्त हो जाते हैं, भूख-प्यास तक गायब हो जाती है। इंसान की बनावट ऐसी है कि वह खाए और खेले बिना ज़्यादा दिन तक नहीं रह सकता है। खाना और खेलना आदिम प्रवृति है। जो बिना खाए और बिना खेले जीवित रहते हैं वह निश्चित रूप से किसी और ही ग्रह के प्राणी होगें। उन्हें भ्रम है कि वो इंसान हैं। खैर, बात को जलेबी की तरह गोल गोल घुमाने से अच्छा है कि सीधे-सीधे मुद्दे की बात की जाय।
छत्तीसगढ़ राज्य का एक कस्बा है डोंगरगढ़। डोंगर का मतलब पहाड़ होता है। यह स्थान हर तरफ़ से डोंगर से घिरा है तो नाम पड़ा डोंगरगढ़। यहां डोंगर की हर चोटी पर भांति-भांति के देवी, देवता और अवतारों के माध्यम से विभिन्न समुदायों, धर्मों का कब्ज़ा है। इसलिए इसे धार्मिक नगरी का भी प्रमाण-पत्र प्राप्त है। धर्म और पंथ के नाम पर पहाड़ काटकर ढ़ेरों क़ानूनी-गैरक़ानूनी निर्माण हुए और हो रहे हैं। किन्तु धर्म और पंथ के मामले में कोई भी टांग नहीं अड़ाना चाहता, सरकारें और प्रशासन भी नहीं। जहां तक सवाल प्रकृति का है तो उसकी चिंता किसे है! वैसे स्टेशन के भोंपू से मां बम्बलेश्वरी देवी का नाम बार-बार उच्चारित किया जाता है। अब रेलवे के द्वारा इस प्रकार की धार्मिक उद्घोषणा “अच्छे दिन” के हवाबज़ी के साथ आए या पहले यह एक खोज का विषय हो सकता है। धर्मनिरपेक्ष के आवरण वाले इस देश में इस प्रकार की उद्घोषणाएं कितनी उचित है आप इस पर आप धर्मनिरपेक्षतावादी होकर विचार कर सकते हैं तो करें, नहीं कर सकते तो कोई बात नहीं क्योंकि जो हो रहा है वो तो होगा ही। मेरे, आपके या किसी और के शुतुरमुर्ग बन जाने से इतिहास की गति न रुकी है, न रुकेगी। फिलहाल हम इतिहास, भूगोल आदि आदि के बजाय मंगौड़ी, कचौड़ी, पकौड़ी, चटनी की बात कर लेते हैं। हां रंगमंच की बात तो होगी ही होगी।
यह क़स्बा छोटा है लेकिन ज़रूरत का लगभग हर सामान उपलब्ध है। हां यदि कुछ नहीं है तो वो है नाटक करने के लिए कोई उचित सभागार। तथाकथित हिंदी पट्टी में वैसे भी कला-संस्कृति आदि को शूद्रों का पेशा ही माना जाता है इसलिए यह चीज़ें अभी तक इंसान और सामज की ज़रूरतों में शामिल नहीं हुई हैं। गौर फरमाइए हिंदी क्षेत्र नाटक, नौटंकी, नाच, गाना को आज भी गाली के रूप में इस्तेमाल करता है। कहा जा सकता है कि राजनीतिक उठा-पटक तो होती ही रहती है लेकिन सांस्कृतिक पुनर्जागरण का महत्वपूर्ण काम अभी बाकि है। बिना कला-संस्कृति का मानव समाज कितना मानवीय होगा इस बात का साक्षात् प्रमाण हम रोज़ ही देखते हैं।
तो शादी ब्याह के लिए बने पंडाल से ही यहां तात्कालिक सभागार का निर्माण होता है। इसलिए नाटक के लिए मुहूर्त देखना एक अनिवार्य शर्त बन जाता है कि उस दिन लगन इतनी तेज़ न हो कि पंडाल और नाटक के लिए बम्बलेश्वरी मंदिर का प्रागंण और मंच ही उपलब्ध न हो और दर्शक भी शादी-ब्याह में व्यस्त रहें। आबादी इतनी है कि कितनी भी कोशिश करो किसी न किसी की शादी बीच में पड़ ही जाती है। नाटकों के आयोजन में मौसम का ध्यान रखना भी अनिवार्य होता है। मौसम ऐसा हो जिसमें ना ठंड अधिक हो, न गर्मीं और बरसात तो नहीं ही हो। इस लिहाज से भारतीय परिवेश में फ़रवरी के मौसम को हम माकूल कह सकते हैं। और फिर बसंत भी तो है मन को प्रफुल्लित करने के लिए। आम के पेड़ों पर मंजर लग चुके हैं और कोयल की कूक ने कानों में मधुर रस घोलना शुरू कर दिया है।
इप्टा डोंगरगढ़ और संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से विकल्प नामक संस्था द्वारा इस बार नाट्योत्सव 7 से 9 फरवरी 2015 को आयोजित किया गया। इस तीन दिवसीय इस आयोजन में अनुकृति रंगमंडल, कानपुर द्वारा सर्वेश्वरदयाल सक्सेना लिखित व डॉ ओमेंद्र कुमार निर्देशित नौटंकी शैली में बकरी, इप्टा चंडीगढ द्वारा अपूर्वानंद लिखित व बलकार सिद्धू निर्देशित एके दा मन्त्र उर्फ़ मदारी आया, पाकिस्तानी कथाकार लाली चौधरी की कहानी का गुरशरण सिंह द्वारा नाट्य-रूपांतरित मेरा लौंग गवाचा, इप्टा डोंगरगढ़ द्वारा राधेश्याम तराने निर्देशित पहाड़पुर की कथा (कहानी – तजिंदर सिंह भाटिया, संगीत – मनोज गुप्ता, नाट्यलेख – दिनेश चौधरी), मरवा थियेटर पुणे द्वारा ओजस एस वी निर्देशित व रेखा ठाकुर अभिनीत एकल ले मशालें तथा इप्टा भिलाई द्वारा निशु पांडे निर्देशित नाटक सुन्दर (लेखक – मोहित चट्टोपाध्याय, हिंदी अनुवाद – रणदीप अधिकारी) के अलावे अनुकृति रंगमंडल, कानपुर द्वारा दस दिन का अनशन और इप्टा चंडीगढ़ द्वारा ए लहू किस दा है व गड्ढा (लेखक – गुरशरण सिंह) नामक नुक्कड़ नाटक, लोकगीत, लीक-नृत्य आदि की भी प्रस्तुति तय है। इस बार आयोजन नाट्योत्सव के मुख्य मंच के अलावा स्थानीय नुक्कड़, खालसा स्कूल और नवोदय विद्यालय में भी होगा। सुबह इन स्कुलों में और शाम को मुख्यमंच पर नाटक से कस्बे की फिज़ां नाटकमय होना स्वभाविक ही था। हां, इप्टा डोंगरगढ़ के कलाकारों द्वारा मनोज गुप्ता के नेतृत्व में जनगीतों का गायन हर साल की भांति इस साल भी आयोजन का मुख्य आकर्षण था। वहीं उचित माहौल देखकर स्थानीय लेखक तजिंदर सिंह भाटिया ने भी अपनी गीतों की प्रदर्शनी लगा दी।
स्टेशन से उतारते ही गेस्ट हॉउस जाने के रास्ते में इप्टा और 10वें नाट्य समारोह के पोस्टर और होडिंग स्वागत के लिए तैयार मिलते हैं। गेस्ट हॉउस पहुंचने से पहले हम चाय-नाश्ते की एक दूकान में पहुंच जाते हैं। कार में नाटक के ब्रोशर पर नज़र पड़ती है। वैसे रंगमंच का जितना ज़्यादा प्रचार प्रसार हो उतना ही उचित। शालिग्राम बनके एक स्थान पर स्थापित हो जाने से क्या लाभ? बहरहाल, इस दूकान को महिलाएं चलाती हैं। चाय की एक प्याली के साथ चटनी और गर्मागर्म मंगौड़ी हाज़िर है। सामने देशबंधु नामक अखबार है। जिसे हाथ में लेते ही हरिशंकर परसाई की याद आना स्वभाविक है। यह वही अखबार है जिसमें परसाईजी वर्षों तक व्यंग्य लिखा करते थे। मंगौड़ी मुंह में डालते हुए सम्पादकीय पन्ना खोलने पर मुक्तिबोध की कविता की कुछ पंक्तियां प्रमुखता से नज़र आतीं हैं। मन में लड्डू फूट पड़ता है कि आज के चटनीवादी पत्रकारिता वाले समय में कोई अखबार तो है जो बिना जन्मदिन-मरणदिन के मुक्तिबोध जैसे लेखकों की रचनाओं को छापने का माद्दा रखता है।
आज के तथाकथित संचार क्रांति वाले समय में गेस्टहाउस में टीवी और कस्बे में शोर का ना होना किसी भी शांतिप्रिय इंसान के लिए किसी वरदान से कम नहीं। कमरे में यदि टीवी हो तो चाहे अनचाहे चालू हो ही जाता। चाहकर भी इसके जादुई आभामंडल से बचा नहीं जा सकता। फिर रिमोट का गला घोंटते-घोंटते वक्त कैसे निकल जाता है, पता ही नहीं चलता। वैसे दिल्ली चुनाव और क्रिकेट का विश्व कप चरम पर है और सारे समाचार चैनल एक मिनट में दस-दस ब्रेकिंग न्यूज़ उगलकर किसी भी मसालेदार फिल्म को मात देने में लगे हैं।
बगल के गेस्ट हॉउस में रामलीला जैसे नाटक के नाटककार राकेश, नाट्य निर्देशिका वेदाजी और चर्चित फिल्म और रंगमंच के अभिनेता, शिक्षक व भारतेंदु नाट्य अकादमी के पूर्व निदेशक युगल किशोर जी उपस्थित हैं। दोपहर में उनसे परिचय होता है और हम एक साथ भोजन स्थल की ओर प्रस्थान करते हैं। भोजन का इंतज़ाम सामूहिक रूप से प्रदर्शन स्थल पर ही है और हर साल की भांति इस साल भी भोजन की ज़िम्मेवारी है इप्टा डोंगरगढ़ के बेहतरीन अभिनेता मतीन भाई (अहमद) के पास है। मेहमान-मेजबान सब एक साथ भोजन करते हैं। भोजन स्थल पर पहुंचने पर इप्टा डोंगरगढ़ के बबली, टिंकू, निश्चय व्यास आदि कलाकार मुख्य गेट बनाने में व्यस्त हैं। यह देखकर प्रसन्नता दुगुना हो जाती है कि पिछले दो सालों में हमने वर्कशॉप के माध्यम से जिन किशोर-किशोरियों को रंगमंचीय शिक्षा प्रदान करने का प्रयास किया है वे भी पुरे जोश से समारोह की तैयारी में व्यस्त हैं। अमन नामदेव, प्रतिज्ञा व्यास, शुभम, अखिलेश, दिव्या आदि किशोर-किशोरियों को रंगमंच की ज़िम्मेवारी निभाते देख अपनी सार्थकता का एहसास होना स्वभाविक ही है। उनके मुंह से “सर, अब हमलोग आपके साथ फिर कब नाटक करेंगें?” सुनके अंदर ही अंदर जो खुशी महसूस होती है उसे शब्दों में कैसे बयान करूँ? यह बच्चे हमारी विरासत हैं, कल यही रंगकर्म के स्तंभ होगें।
तैयारी ज़ोरों पर है। पहला दिन है इसलिए मेहमानों की चिंता के बजाय तैयारी पर ज़्यादा ध्यान देना एक लाजमी सी बात हो जाती है। यहां कोई अलग-अलग विभाग नहीं है अमूमन सारे काम स्थानीय रंगकर्मियों को ही करना है। करते हुए सीखना और सिखाते हुए करना, यही मूल मन्त्र है। कुछ तकनीकी दिक्कतें भी पेश आतीं है इस कारण कार्यक्रम निर्धारित समय से ज़रा बिलम्ब से शुरू हो पाता है। मनोज गुप्ता अपने साथियों के साथ जनगीतों का गायन शुरू करते हैं। दर्शकों की संख्या देखकर निराशा हो रही है, लेकिन जनगीतों की समाप्ति तक लगभग पूरा सभागार भर जाता है। समारोह के विधिवत उद्घाटन के लिए मंच पर अतिथियों को बुलाया जाता है। संबोधित करते हुए नाटककार राकेश कहते हैं कि “एक ऐसे समय में जब इस देश में लोगों को बांटने की राजनीति चरम पर है वैसे समय में कला का इस प्रकार का आयोजन सराहनीय है। क्योंकि कला इंसान को जोड़ने का काम करती है।” वेदाजी कई बार आग्रह करने पर संकोच के साथ वक्तव्य के लिए तैयार होतीं हैं और डोंगरगढ़ की खूबसूरती की तारीफ़ के साथ ही साथ आयोजन के लिए आयोजक और दर्शक दोनों को बधाई देतीं हैं। अनुभवी युगल किशोर सर को पता है कि लोग यहाँ नाटक देखने आए हैं वक्तव्य सुनने नहीं। वह अपनी बात काम से काम समय में यह कहते हुए समाप्त करते हैं कि “डोंगरगढ़ जैसे कस्बे में रंगमंच के प्रति ऐसा स्नेह सराहनीय है। ऐसे आयोजन न केवल एक कलाकार को उत्साहित करते हैं बल्कि समाज में स्वस्थ्य एवं अर्थपूर्ण मनोरंजन की परम्परा का भी विस्तार करते हैं।” अब नाटकों के मंचन की बारी आती है और अनुकृति रंगमंडल, कानपुर नौटंकी शैली में सर्वेश्वरदयाल सक्सेना की चर्चित नाट्य नाटक बकरी का मंचन शुरू करती है। करीब डेढ़ घंटे की इस प्रस्तुति के बाद इप्टा चंडीगढ़ द्वारा एके दा मन्त्र उर्फ़ मदारी आया की प्रस्तुति होती है। आधी रात के बाद नाटक का मंचन समाप्त होता है और हम सब एक साथ खाना खाकर गेस्ट हॉउस पहुंचते हैं। मुझे प्रेस नोट्स बनाने का कार्यभार सौंपा गया है। एक नोटपैड भी दिया है। गूगल महराज का हिंदी इनपुट लोड़ किया है लेकिन वह फायर करने से इनकार कर रहा है। रात डेढ़ बजे लेटकर मोबाईल में शब्द अंकित करने की कोशिश करता हूं तो निंदिया कब अपनी आगोश में जकड़ लेती है पता भी नहीं चलता। मोबाइल गीता की तरह दिल के पास हैं और मैं सुकून से नींद की आगोश में। सुबह युगल सर, राकेश सर और वेदा मैम के साथ चाय पीने वादा था। लेकिन प्रेस नोट्स भी तो बनाना है और फिर आज आज तो 10 बजे सुबह से ही खालसा स्कूल में नाटकों का मंचन शुरू हो जाएगा इसलिए मैं चाय का मोह त्यागकर प्रेस नोट्स बनाने में लग जाता हूँ।
कल, प्रस्तुति के दौरान मैं मनोज गुप्ता के साथ बैठा था कि एक व्यक्ति बाहर निकलते वक्त रुक गए। वे हमारे पास आए और मनोज भाई से शिकायत करने लगे कि इस बार उनसे इस आयोजन के लिए सहयोग राशि क्यों नहीं ली गई। मनोज भाई के पास मुस्कुराते हुए यह कहने के सिवा और कोई रास्ता नहीं था कि ले लेंगें, आप चिंता न करें। आज हम जब गेस्ट हॉउस से निकल रहे कि मोटरसाईकल सवार एक सज्जन ने आवाज़ दी। दिनेशजी ने गाड़ी रोक दी, वो मोटरसाईकल सवार हमारे पास आए और 500 रूपए का नोट थमाते हुए एक का सिक्का खोजने लगे। मैंने गौर किया कि यह वही सज्जन हैं जिन्होंने मनोज भाई से चंदा की शिकायत दर्ज़ किया था। डोंगरगढ़ के रंगकर्मियों के पास चंदा के ऐसे अनेकों अनुभव हैं – कुछ मीठे, कुछ तीखे, कुछ नमकीन, कुछ कुरकुरे, कुछ नर्म-मुलायम और कुछ खट्टे भी; बिलकुल मंगौड़ी, कचौड़ी, पकौड़ी, चटनी की तरह। बाद में मैंने उन सज्जन का नाम पता किया – राजेश मिश्रा। ऐसा अपनापा गांव-कस्बे में ही बचा है अब। लेकिन यहाँ भी यह विलुप्त होने के ही कगार पर है।
यह नाट्योत्सव के आयोजन का 10वां वर्ष है। कई सालों तक यह आयोजन चंदे की राशि द्वारा ही किया जाता रहा लेकिन एक समय ऐसा भी आया कि रंगकर्मियों के सामने यह यक्ष प्रश्न खड़ा हो गया कि या तो सरकारी अनुदान लिया जाय या फिर इस आयोजन को बंद कर दिया जाया। बंद करने से ज़्यादा बेहतर है अनुदान लेना है सो विगत कुछ वर्षों से यह आयोजन चंदे के साथ ही साथ संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के सौजन्य से आयोजित हो रहा है। वैसे इस बात से भी इनकार नहीं कि स्थानीय लोग को इस आयोजन का इंतज़ार रहता है। इसकी सबसे प्रमुख वजह शायद यह हो सकती है कि डोंगरगढ़ में नाटकों का यह एकलौता आयोजन है। वैसे जो लोग भी नाट्य-प्रदर्शन में दर्शकों की कमी का एकालाप प्रस्फुटित करते रहतें हैं उन्हें किसी गांव या कस्बेनुमा जगह में जाकर नाटकों के प्रति लोगों की दीवानगी का दीदार करना चाहिए। उनके दिव्य चक्षु खुल जाएंगें। यहां तकनीकी तौर पर नाटकों के स्तर भले ही सर्वश्रेष्ठ न हो लेकिन नाटक देखने का अनुशासन अनुकरणीय है। रंगमंच के बड़े – बड़े स्थापित नाम यदि ज़रा सा वक्त इन जगहों के लिए निकालें तो यहां भी श्रेष्ठतम रंगमंच संभव है।
मनोज गुप्ता जनगीत शुरू करनेवाले हैं। माइक सजाया जा रहा है। कल इसकी सेटिंग सही नहीं थी इस वजह से जनगीतों में उचित रस की उत्पत्ति नहीं हो सकी आज भी आलम ऐसा ही है। नाटक के लिए यह एक तात्कालिक सभागार बनाया गया है जहां साउंड सिस्टम की उपस्थिति किसी लोक नाटक की याद ताज़ा करती है। मंच पर दर्जन भर चोंगे लटक रहे हैं। याद होगा कि गांव-कस्बे में खेला जानेवाला शौकिए नाटकों ने माइक वाली एक्टिंग नामक एक अघोषित शैली का निर्माण किया है। वहां कोई साउंड प्रूफ सभागार नहीं होता इसलिए अभिनेताओं द्वारा माइक पर जाकर ही संवाद बोलना एक अत्यंत ज़रुरी क्रिया सह मजबूरी बन जाती है। यहां कोई वाल नहीं होता, न फोर्थ वाल न फर्स्ट वाल, सब खुल्ला खेल है। यहां दर्शकों का रंगमंच होता है दर्शकों के लिए। कलाकार का सुख दर्शक के सार्थक आनंद और सुख के साथ है उससे इत्तर नहीं। बहरहाल, दो प्रतुतियां प्रदर्शित होती हैं – इप्टा चंडीगढ़ द्वारा मेरा लौंग गवाचा और स्थानीय नाट्य संस्था इप्टा डोंगरगढ़ द्वारा पहाड़पुर की कथा।
नाटक से समाज बदलता है या नहीं यह तो बहुत बड़ा और पेचीदा सवाल है जिस पर आए दिन विद्वान लोग बहस करते ही रहते हैं किन्तु यह सत्य है कि कला का प्रभाव दीर्घकालीक होता है। मणिपुर में “Indian Army Rape Us” का बैनर लगाए मणिपुर की महिलाओं ने भारतीय सेना के खिलाफ जो ऐतिहासिक प्रतिरोध दर्ज़ किया था उसकी प्रेरणा एच कान्हाई लाल निर्देशित व सावित्री जी अभिनीत एक नाटक ही था। नाटक यदि प्रभावहीन होते तो सफदर हाश्मी जैसे लोगों की हत्या क्यों होतीं? अंग्रेज़ों कई सारे नाटक बैन क्यों करते? वैसे नाटक और नाट्यदल प्रतिबंधित हो रहे हैं। भारत ही नहीं वरन विश्व में ऐसी कई घटनाएं आज भी गठित हो रहीं हैं। रंगमंच कोई मंगौड़ी, कचौड़ी, पकौड़ी, चटनी नहीं कि जिसे खाकर आराम से हजम किया जा सके। वैसे मंगौड़ी, कचौड़ी, पकौड़ी, चटनी भी सबको आराम से हजम नहीं होता।
डोंगरगढ़ रेलवे फाटक से उत्पन्न हुई समस्या को केन्द्र में रखकर पहाड़पुरा की कथा नामक नाटक का प्रभाव साफ़-साफ़ देखा व महसूस किया जा सकता है। हास्य और व्यंग्य को अपने अंदर समेटे यह नाटक अपने दो ही प्रस्तुति से (पहली 26 जनवरी और दूसरी आज) डोंगरगढ़ रेलवे की आंख में किरकिरी बनकर उभरा है। उसका सीधा प्रमाण यह है कि इस प्रस्तुति को देखने के बाद लोगों ने रेलवे फाटक पर इतनी शिकायतें दर्ज़ की कि वहां से शिकायत पुस्तिका ही गायब कर दी गई हैं। आश्चर्य नहीं होना चाहिए जब इस नाटक के प्रभाव से शहर को जोड़नेवाली इस रेलवे फाटक के खिलाफ़ कोई जनांदोलन उभर आए। ऐसे व्यस्ततम स्थानों पर रेलवे को एक पुल का निर्माण करने में पता नहीं कौन रोकता है! 
शाम में मारवा थियेटर पुणे द्वारा रेखा ठाकुर अभिनीत व ओजस एस वी निर्देशित एकल नाटक ले मशालें की प्रस्तुति होनी है। इस नाटक को लेकर मन में थोड़ी शंका है। क्या पता एकल नाटक इस स्थान पर अपना रंग जमा पाएगा या नहीं। दर्शकों के बारे में अमूमन यह धारणा है कि लोग हल्का-फुल्का, हास्य-व्यंग्य ज़्यादा पसंद करते हैं। यह नाटक मणिपुर समस्या और मूलतः इरोम शर्मिला को केन्द्र में रखकर प्रस्तुत होनेवाला एक गंभीर नाटक है। ऐसे नाटकों का उपदेशात्मक हो जाने का डर ज़्यादा होता है और इसमें कोई संदेह नहीं कि उपदेश अब दिलों तक पहुँचाने की क्षमता खो चुके हैं। प्रस्तुति शुरू होती है। यह नाटक कोई उपदेश नहीं देता बल्कि बड़ी ही सादगी से चीज़ों को सामने रखते हुए दर्शकों के अन्तःमन में कई सवाल की उत्पत्ति करने में सफलता प्राप्त करता है। यह कोई अद्भुत नाटक नहीं था और सच कहूँ तो मुझे पता भी नहीं कि अद्भुत नाटक होता कैसा है लेकिन यह बड़ी सादगी से रंगमंच की शक्ति और गरिमा का एहसास ज़रूर कराता है, और अर्थपूर्ण रंगमंच की अवधारणा को भी सार्थकता प्रदान करता है। डोंगरगढ़ के लोग अच्छे नाटकों पर खूब चर्चा करने और उसकी प्रस्तुति बार-बार देखने के लिए तत्पर रहते हैं इसलिए पुरे यकीन से यह कहा जा सकता है कि ले मशालें पर खूब चर्चा होगी। यह प्रस्तुति अगले साल भी इस नाट्य समारोह का हिस्सा बन जाए तो कोई आश्चर्य नहीं होना चाहिए। पूर्व में ऐसे कई नाटक हैं जिनकी प्रस्तुति यहां बार-बार की गई है और लोगों ने हर बार पहले से ज़्यादा उत्साह से उसे देखा है। राई नामक प्रस्तुति इस बात का साक्षात् प्रमाण है। वैसे भी अच्छे नाटकों को दर्शक हमेशा पसंद करते हैं। इससे उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता कि वह नाटक किस रस का है।
अर्थवान, सादगीपूर्ण और गंभीर रंगमंच एक चुनौती है इससे बचने के लिए लोग हल्केपन का सहारा लेते हैं। वैसे यह भी एक प्रकार का भ्रम ही है कि हास्य-व्यंग्य गंभीर काम नहीं है। ले मशालें की अभिनेत्री रेखा ठाकुर कहतीं हैं – “मैं जानती हूँ कि मेरा यह नाटक अपने बूते सामाजिक परिवर्तन नहीं ला सकता पर मैं इरोम शर्मिला के संघर्ष के प्रति लोगों की संवेदनाओं को तो छू ही सकती हूँ।" समारोह की अंतिम प्रस्तुति इप्टा भिलाई का नाटक सुन्दर था। हाँ, शाम में अविनाश भाई (गुप्ता) के घर एक शानदार चटनी के इतनी मंगौड़ी खाई की अब पेट में किसी और चीज़ के लिए कोई जगह नहीं है। 
डेविड ममेट कहते हैं - “जिन चीज़ों को लेकर हम ज़्यादा सावधान होते हैं उन्हें हम सजाते-संवारते नहीं। हम चीज़ों को किस प्रकार पेश करते हैं महत्व इसका नहीं है बल्कि महत्व इस बात का है कि हम प्रकट क्या करना चाह रहे हैं। जो बात दिल से निकलती है वह सीधी दिल में उतर जाती है।” यही बात हम डोंगरगढ़ नाट्य समारोह के बारे में कह सकतें है और जहां तक सवाल मंगौड़ी, कचौड़ी, पकौड़ी, चटनी और जलेबी का है तो इतना ही कहना उचित होगा कि आप जब भी यहां आएं इसका स्वाद ज़रूर लें। अच्छी कला के साथ इन चीज़ों का मज़ा दुगुना हो जाता है।
समारोह का दूसरा दिन। नास्ता करके हम खालसा स्कूल के प्रागंण में पहुंचाते हैं। आश्चर्य; एक भी दर्शक नहीं! केवल स्कूल प्रशासन, आयोजक और नाटक खेलनेवाले। हद है, हमने तो सोचा था कि बहुत भीड़ होगी। कुछ समय पश्चात इप्टा चंडीगढ़ के अभिनेता, निर्देशक बलकार सिद्दू मोर्चा संभालते हैं और माइक पर मुहल्लावासियों को नाटक और रंगारंग पंजाबी कार्यक्रम देखने का नेवता भेजते हैं। कविता पाठ और पंजाबी गीतों का दौर शुरू होता है और धीरे-धीरे दर्शकों की संख्या बढ़ने लगती हैं। कुछ ही मिनटों में कुर्सियां इंसानों की उपस्थिति से सज जातीं हैं। दर्शकों में महिलाऐं और बच्चे ज़्यादा, दिन का समय है लगता है पुरुष अपने-अपने रोज़गार में व्यस्त हो गए हैं। इप्टा चंडीगढ़ के कलाकार ए लहू किसदा है और गड्ढा नामक नुक्कड़ नाटक और पंजाबी नृत्य-संगीत का लगभग तीन घंटे तक प्रस्तुति करते हैं। कार्यक्रम के अंत में मेहमान कलाकारों को खालसा स्कूल की तरह से पुस्तक भेंट किया जाता है। तत्पश्चात सामूहिक रूप में नाश्ता भी है। नाश्ता पेट भरने के लिए काफी है इसलिए हम वहां से सीधे गेस्ट हॉउस चले जाते हैं ताकि थोड़ा आराम करने के पश्चात शाम को तरोताज़ा होकर नाटक देख सकें। शाम को जैसे ही हम प्रदर्शन स्थल के सभागार में प्रवेश करते हैं कि कबीर की “मन लागो यार फकीरी में” का अत्यंत ही सुन्दर गायन सुनाई पड़ता है। हम सब चुप हो जाते हैं – इतनी सुकून भरी गायन और मधुर आवाज़ किसकी है? हम आगे की कुर्सियों में बैठकर माइक पर बज रहा यह गीत सुनने लगते हैं। युगल किशोर सर उठते हैं और ध्वनि संचालक के पास जाकर इसे पुनः बजाने को कहते हैं और साथ में यह भी निवेदन करते हैं कि क्या उन्हें यह गाना मिल सकता है? संचालक उनसे पेन ड्राइव या सीडी की मांग करता है। तब तक मैं भी वहां पहुँच जाता हूं और यह जानने की कोशिश करता हूं कि इसे गाया किसने है। संचालक अमज़द अली खान साहेब का नाम लेता है किन्तु यह उस्ताद सुजात हुसैन खान की आवाज़ है। संगीत पेन ड्राइव को एक लेपटॉप के माध्यम से बजाया जा रहा था। हमने झट से यह और इनकी गई सारी रचना कॉपी करने को कहा और दूसरे दिन उसे अपने मोबाईल में डाल लिया, तो कुछ ऐसा एहसास हो रहा था जैसे कोई अनमोल खजाना हाथ लग गया हो। कान में इयर फोन लगाए उस दिन यह रचना कितनी दफ़ा सुन गया, पता नहीं।
नज़र बांस की बनाई हुई लैम्प पर पड़ती है। इसे खास रुप से महोत्सव के लिए बनाया है डोंगरगढ़ इप्टा से ही जुड़े एक कलाकार ने। इन लैम्पों को लाल-लाल कुर्सियों को दो तरफ बांटनेवाले रास्ते में रखकर कील से फिक्स किया जा रहा है। फिक्स क्यों? इस सवाल का जवाब तब मिलता है जब समारोह के दूसरे दिन बिना फिक्स किया एक लैम्प गायब हो जाता है। राधेश्याम तराने बताते हैं कि “कुछ साल पहले ऐसा ही लैम्प बनवाया था, जिसे शादियों के अवसर पर लोग सजावट के लिए मांगकर ले जाते थे। लोग इस बार भी ज़रूर मांगेंगे! नहीं, इसे अच्छे से पैक करके रख दिया जाएगा ताकि अगले साल भी काम आ जाए।” वैसे इसकी पुरी संभावना है कि कोई न कोई इस लैम्प को मांगने पहुँच ही जाएगा और इप्टा के लोग बड़े हर्ष के साथ इसे दे भी देंगें।
आखिरी दिन। सुबह जल्दी जल्दी प्रेस नोट्स लिखा। एक दिन पहले जो प्रेस नोट्स मेल किया था उसका चंद हिस्सा एकाध अखबारों ने किसी तरह छाप भर दिया। आज सुबह नवोदय विद्यालय में नाटकों की प्रस्तुति होनी है। हम नवोदय पहुंचाते हैं। विद्यालय की बैंड पार्टी हमारे स्वागत में मार्चिंग बीट बजाती है। अंदर फुल-पत्ती से हमारा स्वागत होता है और फिर मंच पर बुलाकर बच्चों को संबोधित करने का दुरूह कार्य सौंपा जाता है। नवोदय के बच्चे ज़रूरत से ज़्यादा ही अनुशासन में हमारी तरफ़ टकटकी लगाए देख रहे हैं। राकेश जी संबोधित करते हैं बीच में वेदा जी बच्चों को एक प्यारा सा गीत यह कहते हुए सुनातीं हैं कि वो गायिका नहीं हैं। अब युगल किशोर सर की बारी है। युगल सर की फिल्म (पिपली लाइव) का कुछ अंश दिखाया जाता है और फिर युगालजी बच्चों से थोड़ी बातचीत करते हैं। हम सब मंच पर खड़े हैं यह भान होते ही कुर्सियों का आगमन शुरू हो जाता है। मेरे बगल में राधेश्याम तराने खड़े थे। जैसे ही मेरे आगे कुर्सी रखी जाती है मैं तरानेजी को छेड़ते हुए धीरे से कहता हूँ – “आप बुज़ुर्ग है, आप बैठिए। मैं खड़ा रहता हूँ।” तराने जी मुस्कुराते हुए जवाब देते हैं – “अब मैं हरगिज़ नहीं बैठाने वाला।” युगल सर बच्चों से बात कर रहे हैं, मैं और तरानेजी कुर्सी के पीछे मंद-मंद मुस्कुराते हुए खड़े हैं। इसके बाद इप्टा चंडीगढ़ द्वारा नाटकों और संगीत का कार्यक्रम शुरू होता है। बच्चे अत्याधिक शालीनता से पुरे कार्यक्रम को देखते हैं। कार्यक्रम की समाप्ति के उपरांत स्कूल के भोजनालय में सामूहिक भोज का इंतज़ाम है। इप्टा चंडीगढ़ की टीम को आज ट्रेन से वापस जाना है। देर हो रही है और इधर आयोजक की बेचैनी बढ़ रही है। बहरहाल, हम सब चडीगढ़ के मित्रों से विदा लेते हैं।

शाम में मारवा थियेटर पुणे द्वारा रेखा ठाकुर अभिनीत व ओजस एस वी निर्देशित एकल नाटक ले मशालें की प्रस्तुति होनी है। इस नाटक को लेकर मन में थोड़ी शंका है। क्या पता एकल नाटक इस स्थान पर अपना रंग जमा पाएगा या नहीं। दर्शकों के बारे में अमूमन यह धारणा है कि लोग हल्का-फुल्का, हास्य-व्यंग्य ज़्यादा पसंद करते हैं। यह नाटक मणिपुर समस्या और मूलतः इरोम शर्मिला को केन्द्र में रखकर प्रस्तुत होनेवाला एक गंभीर नाटक है। ऐसे नाटकों का उपदेशात्मक हो जाने का डर ज़्यादा होता है और इसमें कोई संदेह नहीं कि उपदेश अब दिलों तक पहुँचाने की क्षमता खो चुके हैं। प्रस्तुति शुरू होती है। यह नाटक कोई उपदेश नहीं देता बल्कि बड़ी ही सादगी से चीज़ों को सामने रखते हुए दर्शकों के अन्तःमन में कई सवाल की उत्पत्ति करने में सफलता प्राप्त करता है। यह कोई अद्भुत नाटक नहीं था और सच कहूँ तो मुझे पता भी नहीं कि अद्भुत नाटक होता कैसा है लेकिन यह बड़ी सादगी से रंगमंच की शक्ति और गरिमा का एहसास ज़रूर कराता है, और अर्थपूर्ण रंगमंच की अवधारणा को भी सार्थकता प्रदान करता है। डोंगरगढ़ के लोग अच्छे नाटकों पर खूब चर्चा करने और उसकी प्रस्तुति बार-बार देखने के लिए तत्पर रहते हैं इसलिए पुरे यकीन से यह कहा जा सकता है कि ले मशालें पर खूब चर्चा होगी। यह प्रस्तुति अगले साल भी इस नाट्य समारोह का हिस्सा बन जाए तो कोई आश्चर्य नहीं होना चाहिए। पूर्व में ऐसे कई नाटक हैं जिनकी प्रस्तुति यहां बार-बार की गई है और लोगों ने हर बार पहले से ज़्यादा उत्साह से उसे देखा है। राई नामक प्रस्तुति इस बात का साक्षात् प्रमाण है। वैसे भी अच्छे नाटकों को दर्शक हमेशा पसंद करते हैं। इससे उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता कि वह नाटक किस रस का है। 
अर्थवान, सादगीपूर्ण और गंभीर रंगमंच एक चुनौती है इससे बचने के लिए लोग हल्केपन का सहारा लेते हैं। वैसे यह भी एक प्रकार का भ्रम ही है कि हास्य-व्यंग्य गंभीर काम नहीं है। ले मशालें की अभिनेत्री रेखा ठाकुर कहतीं हैं – “मैं जानती हूँ कि मेरा यह नाटक अपने बूते सामाजिक परिवर्तन नहीं ला सकता पर मैं इरोम शर्मिला के संघर्ष के प्रति लोगों की संवेदनाओं को तो छू ही सकती हूँ।" समारोह की अंतिम प्रस्तुति इप्टा भिलाई का नाटक सुन्दर था। 
डेविड ममेट कहते हैं - “जिन चीज़ों को लेकर हम ज़्यादा सावधान होते हैं उन्हें हम सजाते-संवारते नहीं। हम चीज़ों को किस प्रकार पेश करते हैं महत्व इसका नहीं है बल्कि महत्व इस बात का है कि हम प्रकट क्या करना चाह रहे हैं। जो बात दिल से निकलती है वह सीधी दिल में उतर जाती है।” यही बात हम डोंगरगढ़ नाट्य समारोह के बारे में कह सकतें है और जहां तक सवाल मंगौड़ी, कचौड़ी, पकौड़ी, चटनी और जलेबी का है तो इतना ही कहना उचित होगा कि आप जब भी यहां आएं इसका स्वाद ज़रूर लें। अच्छी कला के साथ इन चीज़ों का मज़ा दुगुना हो जाता है।

Thursday, October 23, 2014

चाचा भतीजा के छः संवाद

चाचा भतीजा संवाद :- “चाचा, बैठे-बैठे बकचोदी करते रहते हो। देखो देश में कितना काम हो रहा है। क्रिकेट का भला हो गया, हॉकी का भला हो गया, कबड्डी का भला हो गया, अब फुटबाल के दिन फिरनेवाला है।” चाचा ने भतीजे की बात सुनी और खैनी पच्चाक से थूकते हुए बोले – “हां, सरकार तो कद्दू उगाने के लिए बनती है। ई देश भी कॉरपोरेट के हाथ में बेच दो शायद देश का भी भला हो जाए।”

चाचा भतीजा संवाद (भाग दो) :- “चाचा, बकचोदी छोड़के कुछ काम धाम कर लेओ। सत्ता बदल गई। अच्छे दिन आनेवाले हैं।” भतीजे की बात सुनते ही चाचा ने एक लंबी पाद मारी और चेहरे पर राजकीय सुकून लाके बोला – “किसी ने कह दिया और तुम मान गए? सत्ता तो कई बार बदली और बदलेगी। जिस दिन सत्ता का चरित्र बदले उस दिन बात करना। अभी जाओ हमको पदवास लगी है।” यह कहके चाचा ने एक और पाद मारी और तीसरे पाद की तैयारी में जुटकर “फिल गुड” करने लगे।

चाचा भतीजा संवाद (भाग तीन) :- चुनाव परिणाम देखकर चाचा सूखे छुहारे सा मुंह बनाकर घूम रहे थे कि भतीजे ने टोक दिया – “क्या हुआ चाचा, चेहरा बबासीर के मरीज़ जैसा कहे हो गया है?” चाचा का मन किया कि गालियां दे देकर भतीजे का ‘राग-दरबारी’ कर दें लेकिन अपने को सँभालते हुए बोले – “देख नहीं रहे हो कौन पार्टी जीत रही है।” भतीजा चाचा स्टाइल में पान की पिचकारी मारते हुए बोला – “चाचा लोकतंत्र है। लोक जिसे चुने उसमें विश्वास रखिए। न त लोकतंत्र विरोधी करार दे दिए जाईयेगा। गुड़ भी खाइएगा और गुलगुला से परहेज़ भी कीजिएगा, ई नहीं चलेगा।” चाचा के कलेजे पर सांप लोटने लगा उन्हें “एकला चलो रे” गाने का मन किया लेकिन चाचा को बंग्ला भाषा आती ही नहीं थी इसलिए अग्निपथ --- अग्निपथ गाते हुए खुद को अमिताभ बच्चन समझने लगे।

चाचा भतीजा संवाद (भाग चार) :- “चाचा दुनियां पूरब जाती है तो आप पश्चिम काहे जाते हैं?” भतीजे के इस संवाद पर चाचा कृष्ण की तरह मुस्कुराते हुए बोले –“बेटा आज के युग में हर बात का विरोध करना ही प्रगतिशीलता और बुद्धिजीवी होने का प्रमाण पत्र है।” भतीजे ने आगे पूछा –“और विचारधारा के बारे में आपका क्या ख्याल है चाचा?” चाचा पाकिट से खैनी का चुनौटी निकालते हुए बोले – “देखो, विचाधारा की हालत आजकल धोबी के कुत्ते वाली हो गई है, जो न घर का है न घाट का। हम तो विचारधारा का पिटारा साथ रखतें हैं। समय, काल और परिवेश के हिसाब से सबका इस्तेमाल करते रहते हैं।” यह कहकर चाचा देवत्व भाव से खैनी मलने लगे और भतीजा चाचा के सिर के पीछे गौर से देखने लगा कि कहीं कोई दिव्य रोशनी तो नहीं निकल रही है। 

चाचा भतीजा संवाद (भाग पांच) :- “चाचा, ई चुनाव पांच साल में ही कहे होता है?” भतीजे ने आज ऐसा सवाल कर दिया कि चाचा चकरा गए और चकराते हुए बोले – “पता नहीं, ई सवाल उस चम्पक से पूछो जिसने यह विधान बनाया था।” चाचा के पेट में गुदगुदी होने लगी और वो तेज़ी से लोटा लेकर खेत की तरफ़ चल दिए।

चाचा भतीजा संवाद (भाग छः) :- “चाचा यह लभ जेहाद क्या है?” भतीजे के यह पूछने पर चाचा ने सड़े टमाटर जैसे मुंह बनाया और बोले – “अबे ई सब बात पर ध्यान मत दो। जो लभ नहीं कर पाते वो जेहाद की बात करते ही हैं। साला लभ न हुआ बियाह-शादी हो गया, अब ई सब भी आदमी जाति-बिरादरी पूछकर करेगा?”

Thursday, October 16, 2014

मंत्रीजी की भैंस उर्फ़ अकल बड़ी की भैंस!

एक मनहूस रात की बात है जम्बो द्वीप के किसी प्रदेश के किसी पांच सितारा होटल में मंत्रीजी एक मस्त समाजवादी मसाज के बाद सोए ही थे कि पता चला उनकी भैंसे गायब हो गई। पहले तो इस खबर पर किसी को सहज ही यकीन नहीं हुआ, अब मंत्री भैंस क्यों पालेगा! फिर लगा कि लोकतंत्र है और यह सवाल ही अपने-आपमें अलोकतांत्रिक कि मंत्रीजी भैंस क्यों पलेंगें यह उनकी मर्ज़ी कि वो अपने अस्तबल में घोड़े पाले, चमचे पाले, गुंडे पाले या भैंस। वैसे भी सरकारी खर्चे पर सब पल जाता है
कोई मंत्री-विधायक यदि भैंस-गाय पालता है, खेती-बारी करता है, सदा खाता है और खादी धारण करता है तो यह अतिरिक्त समाजसेवा की श्रेणी में कुछ ऐसे दर्ज़ होना चाहिए जैसे रामचंद्रजी का बेर खाना दर्ज़ है। वैसे मफलर बांधकर चोर-चोर चिल्लाना भी आजकल सम्पूर्ण क्रांति की श्रेणी में आता है।
ज़माने के साथ हर चीज़ का अर्थ बदलता है इस बात से जिन्हें आपत्ति है वे निरर्थक हैं। अमेरिकी लेखक मैक्स डेप्री ने कहा था न कि “हम जो हैं, वही बने रहकर वह नहीं बन सकते जो कि हम बनना चाहते हैं।” ‘वही-वह’ का अर्थ क्या है यह बात हर ‘यह-वह’ को निर्धारित करने की स्वतंत्रता ही तो डेमोक्रसी कहलाती है! इसे जो न माने वो ‘अराजक’ है। इस मुद्दे पर बाद में बकर फैलाया जाएगा पहले सबसे ज़रुरी बात। तो आलम यह कि मंत्रीजी की भैंस गायब हो गई। मंत्रीजी अपनेआप में एक ऐतिहासिक अस्तित्व हैं तो उसकी हर चीज़ का इतिहास होना लाजमी है। इसलिए भैंस का भी इतिहास है। कहावत है कि जिसकी लाठी उसकी भैंस। अब किसी के हाथ में लाठी रहे और उसकी भैंसिया गायब हो जाए, इससे बड़ा अनर्थ और क्या होगा। इतिहास के शोधार्थियों को इस भैंस की ऐतिहासिकता विषय पर फौरन शोध कार्य आरम्भ कर देना चाहिए। यकीन मानिए उनका यह शोध ऐतिहासिक माना जाएगा और इसके लिए आपको ‘संस्कृति विभाग’ से ढेर सारा अनुदान भी दिया जा सकता है
मंत्रीजी की भैंस का मामला जैसे ही मिडिया को पता चला, वो किसी क्रिकेट मैच की तरह लाइव प्रसारण करने लगे। चंद ही मिनट में सारे चैनलों पर ब्रेकिंग न्यूज़ आने लगेमीडियावाले गलाफाड़ शोर मचा रहे थे कि “जहाँ मंत्रीजी तक की भैंस सुरक्षित नहीं है वहां आम जन का क्या हाल होगा।” लोगों को हर बात में आम आदमी को घुसेड़ने की बिमारी सी लग गई थी। अर्थशास्त्री इस बात पर बहस करने लग पड़े थे कि तेंदुलकर के सौ शतकों का आम आदमी की आमदनी पर क्या असर पड़नेवाला है। तो कुछ क्रांतिकारी टाइप के लोग इन के शतकों को ही जनविरोधी करार देने पर तुले थे क्योंकि शतक बनाने के बाद उसने मुट्ठी हवा में भींचकर एक बार भी “इन्कलाब जिंदाबाद” नहीं कहा था। वहीं कुछ समाजशास्त्रियों का यह भी मानना था कि तेंदुलकर को क्रिकेट नहीं समाजसेवा के धंधे में होना चाहिए। बहरहाल, जनता नामक जीव के ज़िक्र से याद आया कि मंत्री हर प्रकार से जनता का प्रतिनिधि होता है। प्रतिनिधि का माल सुरक्षित मतलब जनता का माल सुरक्षित। प्रतिनिधि ही जहाँ सुख चैन की ज़िंदगी न बसर करे वहां आम जनता की चिंता कौन करे। शहर के सबसे ज़्यादा पुरस्कार प्राप्त बुद्धिजीवियों का कहना है कि “चुकी भैंस एक मादा भी होती हैं इसलिए यह एक अति संवेदनशील मुद्दा है। एक मादा का इस प्रकार गायब हो जाना हमारे समाज की सामंती मानसिकता का परिचायक है। पता नहीं बेचारी ‘अबला’ पर क्या-क्या बीत रही होगी।” यह कहते हुए बुद्धिजीवीजी वर्ग संघर्ष और मादा-नर समानता की चिंता से व्याकूल हो जाते हैं और गुस्से में सारे वाद पर विवाद खड़ा करने लगते हैं। मादा आयोग का मानना है कि “इस घटना से यह साबित होता है कि इस व्यवस्था में कोई भी मादा अब सुरक्षित नहीं है।” वहीं इस घटना पर नर आयोग ने चुप्पी साध रखी है।
घटनास्थल पर फ़ौरन पुलिस आ गई और मामले की गम्भीरतापूर्वक छानबीन करने के पश्चात बयान दिया कि “पहली नज़र में यह किसी चोर का काम लगता है।” पुलिस के इस वक्तव्य पर चोरों संधों ने आपत्ति ज़ाहिर की और कहा कि “यह सरासर हमारे ऊपर इलज़ाम है। लगता है पुलिस ने चोर-चोर मौसेरे भाई वाली कहावत नहीं सुनी है एक चोर दूसरे चोर का सामान कभी चोरी नहीं करता। पुलिस को यकीन नहीं तो चोरपुराण का 420वां अध्ययन पलटकर देख ले।” पुलिस का एक मरियल सिपाही, जो कुछ दिन पहले ही अनुकम्पा के आधार पर बहाल हुआ था थाने की ओर चोरपपुराण लाने के लिए दौड़ पड़ा। यह बताना ज़रुरी नहीं कि जम्बो द्वीप के हर थाने में चोरपुराण और हनुमानजी अति-अनिवार्य हैं। वैसे भैंस की खोज में क्राइम ब्रांच के सिपाही और खोजी कुत्ते लगा दिए गए हैं
भैंस के गायब हो जाने की खबर सुनके मंत्रीजी ने ठहाका मरना शुरू कर दिया है। दूसरे मंत्रियों का कहना हैं कि “मंत्रीजी को बड़ा ज़ोर का सदमा लगा है। उन्हें अपनी भैंस गांधीजी की बकरी से ज़्यादा प्यारी थी और वे बिना-नागा रोज़ इसी भैंस का दूध बिना शक्कर के ग्रहण करते थे।” शहर के सबसे बड़े आयुर्वेदिक डाक्टर ने मंत्रीजी को दिन में तीन बार किसी प्रतिष्ठित कवि के मुंह से विदेशी समाजवादी कविताओं का पाठ सुनने की सलाह दी है। यह बात जैसे ही शहर में फैली सारे कवि मंत्रीजी के घर कविता संग्रह की फोटो कॉपी लेके पहुँच गए। भीड़ ज़्यादा हो गई तो मंत्रीजी का दरबान अपनी ताव में आ गया और कवियों का ऑडिशन लेने लगा वहीं बेचारे कवियों के पेट ने गैस बनाना शुरू कर दिया है। कवि जब भी किसी दूसरे कवि की कविता का पाठ करते या सुनते हैं तो उन्हें इस प्रकार की शारीरिक व मानसिक वेदना से गुजरना ही पड़ता है। माहौल में गैस का आक्रमण शुरू होने ही वाला था कि तभी शहर के एक प्रतिष्ठित नाट्य निर्देशक अपनी सात ख़ूबसूरत अभिनेत्रियों के साथ आ पहुंचे। उनका दावा है कि इन सात अभिनेत्रियों के माध्यम से उन्होंने कविताओं का शानदार नाट्य मंचन तैयार किया है। जिसे देखते ही मंत्रीजी को ज़बरदस्त स्वास्थ्य लाभ होगा और वो अपनी भैंस को भुलाकर अभिनेत्रियों के अभिनय खो जाएगें। उनकी खिचड़ी पकती इससे पहले ही गायक महोदय टपक पड़े। उन्होंने निर्गुण शैली में कविता गायन तैयार किया है। दरबान चुकी एक संगीत प्रेमी व्यक्ति भी है सो गायक से फरमाइशी गाने सुन रहा है। तराबनो फैजाबादी के लौंडा बदनाम हुआ पेश करने के बाद जब कविता गायन सुनाया गया तो दरबान महोदय खैनी का थूक पच्चाक से गायक महोदय के बगल में फेंककर कविता गायन की बारीकियों पर आलोचनात्मक भाषण देने लगे, जिन्हें उपस्थित सारे कलाकारों और कवियों ने भावविभोर होकर सुना। मिडिया तो इन सब गतिविधियों का सीधा प्रसारण कर ही रहा था जिसे देखकर प्रजातंत्र की प्रजा मुग्ध हुई जा रही थी।
भैंस पक्षवालों दलों का कहना था कि यह गायपक्ष वालों की साजिश है वही गायपक्ष वाले यह कह रहे थे कि यह सब भैंस पक्षवालों की नौटकीं है। लोमड़ी पक्ष वाले इस घटना पर मौन थे वहीं खरगोश पक्षवाले कभी-इसके कभी उसके समर्थन में अपनी बात कह रहे थे। राजनीति में एक पक्ष और होता है बकरा पक्ष। जो हमेशा, हर बात का बकरे की तरह आवाज़ निकलकर खंडन करता है कुत्तापक्ष वाले दल सारे एक्शन के बाद ही रिएक्शन देने के लिए जाने जाते थे।  
यह सबकुछ चल ही रहा था कि पुलिस गाजे-बाजे के साथ भैंस को लेकर हाज़िर हो गई। दरबान ने भैसों को देखते हुए कहा कि “यह भैंसे मंत्रीजी की नहीं हैं, उनकी भैसों में सुरखाव के पर लगे हुए हैं।” पुलिस जो मंत्री की भैंस गुम हो जाने के कारण अकारण ही नैतिक दबाव में आ गई थी, का दाबा है कि “यही मंत्रीजी की भैंस हैं, हमने अच्छे से ठोक बजाकर देख लिया है। पहले तो इस भैस का कहना था कि मैं मंत्री की नहीं कल्लू की भैंस हूँ लेकिन थाने में उलटा लटके चार डंडे पड़ते ही सच सामने आ गया। कह रहीं थी कि हमें किसी ने चुराया नहीं बल्कि हम खुद ही भाग गई थीं।”
यह बात जब मंत्रीजी को पता चली तो पहले तो उनका ठहाका बंद हो गया फिर बड़े उदास स्वर में उन्होंने पुलिस के कान में कुछ कहा। दूसरे दिन की खबर यह है कि भैंस की लाश किसी सड़क किनारे पाई गई और उनके पास से अपराधिक साहित्य और दस्तावेज़ भी बरामद किए गए।
शहर के कुछ लोगों को लगता है कि यह एक फर्ज़ी इनकाउंटर हैं इसलिए कुछ प्रगतिशील प्राणियों ने एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया है विषय है – अकल बड़ी की भैंस! इस आयोजन में तमाम प्रगतिशीलता के उपासक सादर आमंत्रित हैं। इस विचार गोष्टी को एक देसी मदिरा बनानेवाली कंपनी ने प्रायोजित किया है इसलिए यह आशा की जा सकती है कि शहर के तमाम बुद्धिजीवी ज़रूर एकत्रित होंगें ही।
इधर कल्लू नामक कोई व्यक्ति चिल्लाकर रहा है कि हमारी भैंस को मार दिया रे! यदि यह बात सच है तो मंत्रीजी की भैंस का क्या हुआ इसके लिए भी एक आयोग गठित होने की सुगबुगाहट शुरू हो चुकी है, नहीं हुई है तो हो जायेगी।

दमा दम मस्त कलंदर

आज सुबह-सुबह वडाली ब्रदर्स का गाया हुआ दमा दम मस्त कलंदर सुन रहा था. गाने के दौरान उन्होंने फ़कीर मस्त कलंदर से जुड़ा एक अद्भुत किस्से का ...